UP News: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। जिले की एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 1 लाख रुपये के इनामी बदमाश सोनू उर्फ भुर्रे पासी को एनकाउंटर में मार गिराया गया है। यह मुठभेड़ गोंडा के बेगमगंज थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात हुई।
पुलिस टीम पर की थी फायरिंग
अधिकारियों के मुताबिक, गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने बदमाश की घेराबंदी की थी। खुद को घिरता देख सोनू ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के दौरान एक गोली एसएचओ नरेंद्र राय की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे वे बाल-बाल बच गए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें सोनू उर्फ भुर्रे को गोली लगी। गंभीर रूप से घायल होने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हत्या, लूट और अपहरण के 40 से ज्यादा मामले
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, भुर्रे पासी के खिलाफ हत्या, लूट, अपहरण सहित 40 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे। वह लंबे समय से पुलिस की वांछित सूची में शामिल था। 24 अप्रैल को गोंडा के बेगमगंज इलाके में चोरी की एक वारदात के दौरान एक व्यक्ति की हत्या के मामले में उसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही थी। एनकाउंटर के बाद पुलिस ने सोनू के पास से एक तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पूरी कार्रवाई के दौरान एसओजी और स्थानीय पुलिस बल मौके पर मौजूद था। मुठभेड़ में शामिल सभी पुलिसकर्मी सुरक्षित हैं।
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी
पुलिस (UP News) ने बताया कि मारे गए बदमाश के परिजनों को सूचना दे दी गई है। अब नियमानुसार शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद उसे परिजनों को सौंपा जाएगा। गोंडा पुलिस की इस कार्रवाई को अपराध के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। अधिकारियों ने कहा है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
ये भी पढ़ें : Delhi Weather: दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने बदली करवट, आंधी और हल्की बारिश से मिली गर्मी से राहत
ये भी देखें : Bihar Politics : बिहार की राजनीतिक हलचल का क्या है मामला, खरगे-तेजश्वी ने मिलाया हाथ | Niwan Time

