UP News: उत्तर प्रदेश के दबंग नेता और निर्दलीय विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के खिलाफ दिल्ली के सफदरजंग एंक्लेव थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। यह मामला उनकी पत्नी भानवी सिंह की शिकायत पर दर्ज हुआ है, जिसमें उन्होंने पति पर शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं।
पत्नी भानवी सिंह के गंभीर आरोप
सूत्रों के मुताबिक, राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह ने दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि उन्हें वर्षों तक शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। भानवी का दावा है कि बार-बार की गई मारपीट के कारण उनके शरीर को काफी नुकसान हुआ है और उनकी जान को खतरा है। इससे पहले उन्होंने राष्ट्रीय महिला आयोग और दिल्ली राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण में भी शिकायत दर्ज कराई थी।
तलाक का मामला कोर्ट में लंबित
राजा भैया और उनकी पत्नी भानवी सिंह के बीच तलाक का मामला पहले से ही कोर्ट में चल रहा है। दोनों के बीच विवाद कई वर्षों से जारी था, लेकिन मामला तब सुर्खियों में आया जब भानवी सिंह ने राजा भैया के करीबी सहयोगी और एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह पर धोखाधड़ी और जालसाजी सहित कई संगीन आरोपों में मुकदमा दर्ज कराया।
1995 में हुई थी शादी, चार बच्चों के माता-पिता हैं दोनों
रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया और भानवी सिंह का विवाह वर्ष 1995 में हुआ था। भानवी बस्ती राजघराने से ताल्लुक रखती हैं। शादी के समय राजा भैया की उम्र 25 साल थी, जबकि भानवी 20 वर्ष की थीं। दोनों को चार बच्चे हैं। लेकिन बीते कुछ वर्षों से दोनों के रिश्ते में खटास आ गई थी, जिसके बाद भानवी सिंह दिल्ली स्थित अपने आवास में रहने लगी थीं।
ये भी पढें..
उत्तर प्रदेश की राजनीति में बड़ा कद
प्रतापगढ़ जिले के कुंडा क्षेत्र से आने वाले राजा भैया उत्तर प्रदेश की राजनीति में बड़े प्रभावशाली नेता माने जाते हैं। वह वर्ष 1993 से लगातार सात बार कुंडा विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक चुने गए हैं। राजा भैया बेती और भदरी राजमहल के राजकुमार भी हैं। वह यूपी सरकार में जेल और खाद्य मंत्री जैसे अहम पदों पर भी रह चुके हैं।
इस मामले में अब आगे क्या कानूनी कार्रवाई होगी, यह देखने वाली बात होगी।