UP Bypolls 2024 Voting: आखिरकार वह दिन आ ही गया जिसका सभी को बेसब्री से इंतजार था। आज यानी 20 नवंबर को उत्तर प्रदेश की नौ विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए वोटिंग हो रही है। इन उपचुनावों में मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और समाजवादी पार्टी (सपा) के बीच माना जा रहा है।
लोकसभा चुनाव के बाद यह पहला चुनावी मुकाबला है, जिसमें कांग्रेस ने उपचुनाव से किनारा कर लिया है और अपनी सहयोगी समाजवादी पार्टी को समर्थन दे रही है। वहीं, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सभी नौ सीटों पर स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ रही है। उत्तर प्रदेश के इन उपचुनावों पर पूरे देश की नजर टिकी हुई है। लोकसभा चुनाव में भाजपा की सीटें कम होने के बाद योगी सरकार के लिए यह पहली बड़ी परीक्षा है।
संख्या बढ़ाने पर जोर
बता दें कि इन उपचुनावों के नतीजों का उत्तर प्रदेश की 403 सदस्यीय विधानसभा पर सीधा असर नहीं पड़ेगा, लेकिन इससे विभिन्न राजनीतिक दलों को एक स्पष्ट संदेश जाएगा। सपा का लक्ष्य विधानसभा में अपनी संख्या बढ़ाना है, जबकि भाजपा और उसकी सहयोगी रालोद अपनी स्थिति को और मजबूत करने का प्रयास कर रही है।
इस वजह से हो रही वोटिंग
गौरतलब है कि विधायकों के सांसद बनने या उनके निधन जैसे कारणों से उपचुनाव हो रहे हैं। कानपुर की सीसामऊ सीट पर सपा विधायक के जेल जाने के कारण उपचुनाव हो रहा है। चुनाव से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा में अपने प्रचार के दौरान ‘बंटेंगे तो काटेंगे’ के नारे के साथ हिंदू वोटों का ध्रुवीकरण करने की कोशिश की थी। यह नारा पहले हरियाणा में भाजपा के लिए फायदेमंद साबित हुआ था और महाराष्ट्र और झारखंड में भी इसका प्रयोग किया जा चुका है।
यह भी पढ़ें: Ghaziabad Bypolls 2024 Voting: 4.61 लाख मतदाता करेंगे 14 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला, सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू
आज जिन नौ विधानसभा क्षेत्रों में मतदान हो रहा है, वे हैं कटेहरी (अंबेडकरनगर), करहल (मैनपुरी), मीरापुर (मुजफ्फरनगर), गाजियाबाद, मझवान (मिर्जापुर), सीसामऊ (कानपुर), खैर (अलीगढ़), फूलपुर (प्रयागराज) और कुंदरकी (मुरादाबाद)।

