UP By-Election 2024: उत्तर प्रदेश में उपचुनावों की घोषणा अभी नहीं हुई है, लेकिन सियासी पारा चढ़ चुका है। मंगलवार को समाजवादी पार्टी ने दस में से छह सीटों पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी। सपा की इस घोषणा ने राजनीतिक विश्लेषकों को चौंका दिया है। छह प्रत्याशियों की पहली सूची में करहल सीट के प्रत्याशी का नाम भी शामिल है।
इन्हें मिला टिकट
लोकसभा चुनाव के बाद खाली हुई सीटों पर अब किसी भी दिन उपचुनाव की घोषणा हो सकती है। आगामी चुनाव के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने अपनी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। सपा की ओर से घोषित प्रत्याशियों में करहल से तेज प्रताप सिंह यादव, सीसामऊ से नसीम सोलंकी, फूलपुर से मुफ्ती सिद्दीकी, मिल्कीपुर से अजीत प्रसाद, कटेहरी से शोभावती वर्मा और मझवां से ज्योति बिंद शामिल हैं।
कांग्रेस ने पांच सीटों पर किया दावा
उधर, कांग्रेस अभी भी गठबंधन की मांग के तहत पांच सीटों पर दावा कर रही है, लेकिन सपा अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर चुकी है। इससे संकेत मिलते हैं कि कांग्रेस को वह पांच सीटें शायद न मिलें, जो वह मांग रही है। सूत्रों के मुताबिक सपा इस उपचुनाव के लिए कांग्रेस को एक या दो सीटें देने पर विचार कर रही है। हालाँकि, गठबंधन की पूरी तस्वीर अभी भी स्पष्ट नहीं है।

