UP Budget 2024 : वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने यूपी विधानसभा में मेगा बजट पेश किया बजट का आकार 7 लाख 36 हजार 437 करोड़ 71 लाख रहा जिसमें 24 हजार करोड़ की नई योजनाएं पेश की गईं। बुन्देलखण्ड क्षेत्र में एक नये औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) का गठन किया जा रहा है जिसके अन्तर्गत नोएडा और ग्रेटर नोएडा के अनुरूप बुन्देलखण्ड क्षेत्र में औद्योगिक वाणिज्यिक और आवासीय टाउनशिप विकसित करने की योजना है।
पेंशन की धनराशि में बढ़ोतरी,आगरा मेट्रो के लिए और प्रयागराज महाकुंभ के लिए पेश हुआ इतना बजट
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने पेंशन की धनराशि 500 रुपये प्रतिमाह से बढ़ाकर 1000 रुपये प्रतिमाह की। महिला किसान सशक्तिकरण परियोजना के अन्तर्गत वित्तीय वर्ष 2024-2025 में 200 उत्पादक समूहों का गठन करके तकनीकी सहयोग प्रदान किया जाना लक्षित है। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि उत्तर प्रदेश रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष के अन्तर्गत जघन्य अपराधों से पीड़ित महिलाओं एवं बालिकाओं को कोष के अन्तर्गत 1 लाख रुपये से 10 लाख रुपये की आर्थिक क्षतिपूर्ति प्रदान किए जाने की व्यवस्था है। लखनऊ में दिल्ली जैसी एयरोसिटी बनाने का ऐलान, 40 लाख करोड़ से ज्यादा के निवेश का प्रस्ताव, आगरा मेट्रो के लिए 346 करोड़ रुपये का बजट, प्रयागराज महाकुंभ के लिए 2500 करोड़ का बजट का ऐलान वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने किया।
यूपी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने बजट को लेकर कही ये बातें
बजट पेश के बाद उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी का जो भारत को विकसित भारत बनाने का लक्ष्य है, बजट उस अपेक्षा को पूरा करेगा। हमारे संकल्प को पूरा करने वाला बजट होगा, हमारी प्राथमिकता गरीब, किसान, महिला और युवा हैं हमारा बजट इन्हीं को समर्पित होगा। वहीं सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि 90 पर्सेंट आबादी जो मैंने डिफाइन की है उसको क्या मिलने जा रहा है? अभी तक जो दिल्ली और यूपी के बजट बनते हैं, वह केवल 10 पर्सेंट लोगो के लिए बनते हैं।

