केंद्रीय मंत्री और अमेठी की सांसद स्मृति इरानी एक दिवसीय दौरे पर रायबरेली पहुंचीं तो चिर परिचित अंदाज़ में नज़र आईं। यहां सलोन विधानसभा में विभिन्न स्थानों पर चौपाल लगाने के दौरान सिरसी गांव में स्मृति इरानी ग्रामीणों की समस्याएं सुन रही थीं। उसी दौरान विद्यावती नाम की महिला ने बताया कि उसे लीवर की समस्या है। स्मृति इरानी ने तुरंत दिल्ली में किसी बड़े अस्पताल के डॉक्टर सरीन को फोन लगा दिया। फोन नहीं उठा तो उन्होंने विद्यावती की तरफ दोबारा मुखातिब होते हुए कहा, तुम दिल्ली आ जाओ।
स्मृति ईरानी ने विद्यावती से कहा जब वो दिल्ली आएंगी तो स्टेशन से मेरे लोग आपको रिसीव करेंगे। इसी बीच विद्यावती ने ट्रेन को लेकर कुछ कहा तो स्मृति इरानी समझीं कि उसे ट्रेन से जाने में समस्या है। स्मृति ने तुरंत कहा कि ठीक है जहाज़ से आना। इतना सुनकर विद्यावती के पति ने कहा नहीं मैडम हम ट्रेन से ही आ जाएंगे। स्मृति ने फिर कहा कि चिंता मत करो टिकट मैं कराऊंगी। फिर विद्यावती की तरफ मुड़ते हुए कहा वहां आओ मैं तुम्हे नई संसद भी घुमाऊंगी। विद्यावती से इस बाबत पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि दीदी की इस बात के लिए बहुत धन्यवाद है।

