बसपा विधायक राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह उमेश पाल अपहरण कांड को लेकर आज फैसला आ गया है। 17 साल पुराने मामले में आज प्रयागराज के एमपी एमएलए कोर्ट ने माफिया अतीक अहमद समेत तीन आरोपियों को दोषी करार दिया है। कोर्ट ने अतीक अहमद समेत तीनों आरोपियों को सश्रम उम्रैकद की सजा सुनाई है और साथ ही एक एक लाख का जुर्माना भी लगाया है।
कोर्ट द्वारा सजा सुनाए जाने के बाद मृतक उमेश पाल की मां ने अपनी पहली प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि अपहरण केस में अतीक को आजीवन कारावास की सजा हुई. इससे हम संतुष्ट हैं लेकिन हत्या के मामले में भी आरोपी को सजा सुनाई जाए. हत्या के मामले में आरोपी अतीक को अदालत फांसी की सजा सुनाए। उन्होंने आगे कहा अपहरण का केस मेरा बेटा शेर की तरह लड़ा।
मुझे न्याय चाहिए, आतंक नहीं
मृतक उमेश पाल की पत्नी ने कहा कि जज ने जो फैसला किया है। उससे हम संतुष्ट हैं लेकिन ये तो अपहरण का मामला है लेकिन मैं अब सीएम योगी से निवेदन करूंगी मेरे पति के हत्या के मामले में भी न्याय दिया जाए। इस मामले में जो भी आरोपी है, वह चाहे अतीक हो या अशरफ या उसका लड़का… जब तक ये खत्म नहीं होंगे तब तक इनका आतंक चलता रहेगा।
जब उमेश पाल की पत्नी से अतीक के भाई अशरफ समेत सात आरोपियों को बरी किए जाने पर सवाल किया गया तब उन्होंने कहा कि हमारे वकील आएंगे. उनसे चर्चा के बाद हम इस पर फैसला करेंगे। उमेश की पत्नी ने कहा कि मुझे न्याय चाहिए, आतंक नहीं. मैं चाहती हूं कि अतीक का आतंक खत्म हो। ये आदमी रहना नहीं चाहिए। इसे जड़ से खत्म करना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि अतीक जेल से भी कोई घटना करवा सकता है।
इसके अलावा मृतक उमेश पाल के वकील की भी पहली प्रतिक्रिया आयी है। वे सजा से खुश नजर नहीं आए। वकील ने कोर्ट के फैसले पर कहा कि हम फैसले से खुश नहीं हैं। हम आगे इस फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट जाएंगे।

