अलीगढ़ के थाना मडराक इलाके के गांव घासीपुर में दो समुदाय के बच्चों के बीच क्रिकेट खेलने को लेकर मामूली विवाद और कहासुनी हो गया। यह विवाद इतना बढ़ गया कि दो समुदाय आमने-सामने आ गए। जिसके बाद क्रिकेट खेल रहे दोनों पक्षों के लोग एक दूसरे के खून के प्यासे हो गए और क्रिकेट खेलने का मैदान जंग के मैदान में तब्दील हो गया। एक युवक ने क्रिकेट खेल रहे दूसरे युवक के सिर पर लकड़ी के बल्ला से हमला बोल दिया। बल्ला लगते ही युवक जमीन पर गिर पड़ा और घायल हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए।
क्रिकेट के मैदान में चौके छक्के लगने के बजाय लाठी-डंडे चलने लगे। दोनों समुदायों के बीच जमकर पत्थर, लाठी-डंडे चले। बता दें कि इस घटना में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। दोनों समुदायों के बीच हुए विवाद की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्च अधिकारी पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। गांव में भारी तादाद में पुलिस फोर्स तैनात की गयी है। तीन लोगों को लिया पुलिस ने हिरासत में लिया है। दोनों ही पक्षों की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया है।
वहीं इस पूरे मामले पर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल का कहना है कि थाना मंडरॉक क्षेत्र के गांव घासीपुर से पुलिस को सूचना मिली कि गांव के अंदर दो पक्षों के बीच मामूली बात को लेकर वाद विवाद हुआ। जिसके बाद दोनों ही पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गांव के अंदर शांति व्यवस्था कायम की गई। उपचार हेतु सभी घायलों को पुलिस द्वारा अस्पताल भेजा गया है। एहतियात के तौर पर गांव के अंदर पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। दोनों ही पक्षों की ओर से पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

