देशभर में जहां 30 मार्च को रामनवमी की धूम थी लोग भगवान श्रीराम के जन्म को लेकर उत्साह,उमंग और आस्था में डूबे हुए थे तो दूसरी तरफ देश के कुछ राज्य ऐसे भी थे जहां हालत काफी तनावपूर्ण हो गए और जमकर हंगामा हुआ। जिनमें महाराष्ट्र, गुजरात, यूपी, बिहार, पश्चिम बंगाल, हरियाणा और तेलंगाना में करीब 12 जगह हिंसा फैलाई गई। सबसे ज्यादा बुरे हालात महाराष्ट्र के संभाजीनगर, गुजरात के वडोदरा, बंगाल के हावड़ा, हरियाणा के सोनीपत सासाराम और बिहार रशरीफ में देखने को मिले।
हिंसा की ये आग अब इतनी फैल चुकी है कि इन राज्यों के अलावा झारखंड में भी विवाद की आग धधक उठी है बीती रात शुक्रवार (31 मार्च) को झारखंड के जमशेदपुर हल्दीपोखर इलाके में रामनवमी जुलूस पर पथराव हुआ। पुलिस की गाड़ी तोड़ी गई, करीब 5 लोग घायल हो गए, हालात इस कदर बिगड़ गए थे कि जुलूस को रोकने से गुस्साए लोग बाटा चौक में हनुमान चालीसा का पाठ करने लगे और रेलवे फाटक के ऊपर रेलवे ब्रिज को जाम कर दिया। दोनों तरफ से जमकर भड़काऊ नारेबाजी हुई। हालांकि पुलिस का कहना है कि अब स्थिति शांतिपूर्ण है।
महाराष्ट्र के संभाजीनगर के किराडपुरा में 30 मार्च को जबरदस्त हिंसा हुई। दरअसल उस दिन रात करीब 12:30 बजे दो युवकों में राम मंदिर के बाहर ही कुछ बहस बाज़ी हो गई विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों युवकों के समुदाय वाले लोग जुट गए और जमकर हिंसा, पत्थरबाज़ी हुई दोनों समुदायों को जब कंट्रोल करने पुलिस मौके पर पहुंची तो उनकी गाड़ियों को फूंक दिया गया, इसके बाद पुलिस ने माहौल को शांत करने के लिए धर्मगुरुओं को बुलाया गया. फिलहाल अब इलाके में शांति है।
वहीं बिहार के सासाराम में सब डिवीजनल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) मनोज कुमार ने बताया कि शोभायात्रा के दौरान शाह जलाल पीर, सोना पट्टी, कादिर गंज और नवरत्न पीर जैसे इलाकों में आक्रोशित भीड़ ने कई दुकानों और वाहनों को आग के हवाले कर दिया था, उन्होंने जमकर पत्थरबाजी की थी, जिसमें दो पुलिस कर्मियों समेत कई लोग घायल हुए हैं। इसके बाद कई इलाको में धारा 144 लगा दी गई है और लोंगो से शांति बनाए रखने की अपील की गई है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 2 अप्रैल को सासाराम में एक कार्यक्रम में शामिल होने आएंगे।
पश्चिम बंगाल के हावड़ा में हुई जबरदस्त हिंसा के बाद 144 लागू की गई है। इलाके में पुलिस पिकेट और रिजर्व बल अभी तैनात है। वहीं रात में कई घंटों तक इंटरनेट को बैन कर दिया गया था। सीआईडी भी घटना की जांच कर रही है। दरअसल पश्चिम बंगाल में हावड़ा के शिबपुर में रामनवमी पर विश्व हिंदू परिषद और बंजरग दल जुलूस निकाल रहे थे। तभी वहां हिंसा भड़क गई, कई वाहनों और दुकानों को फूंक दिया गया। यहां दो दिन तक अशांति बनी रही। फिलहाल अब इलाके में हालात सामान्य हो गए हैं। दुकानें फिर से खुलना शुरू हो गई हैं।

