अलीगढ़ के इगलास में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बाहर झाड़ियों में महिला ने बच्चे को जन्म दिया। वहीं हॉस्पिटल स्टाफ पर गर्भवती महिला व परिजनों को भगाने का आरोप लगाते हुए हॉस्पिटल स्टाफ पर डिलीवरी के नाम ₹1000 मांगने आरोप है। गरीबी के कारण परिजन पैसे देने में असमर्थ हैं।
स्टाफ द्वारा भगाने पर महिला ने बाहर आसमान के नीचे झाड़ियों में बच्चे को जन्म दिया। स्थानीय ग्रामीण महिलाओं ने हॉस्पिटल के बाहर साड़ी की आड़ में महिला की डिलवरी कराई। जहां एक तरफ सीएम योगी और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक स्वास्थ्य केंद्रो का निरीक्षण करते हैं और गरीबों को मुफ्त और सही समय पर इलाज करने को लेकर कोशिश करते है तो वहीं मेडिकल केंद्र किस तरह से गरीबी की धज्जियां उड़ाते हैं।
मामले की जानकारी होने पर पालिका चेयरमैन ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद आनन-फानन महिला को एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया गया। सीएचसी अधीक्षक का कहना है कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
महिला को दूसरा बच्चा भी होना था। इसी बीच कुछ महिलाओं ने इगलास के चेयरमैन कमलेश शर्मा से मामले की शिकायत की। इसके बाद कमलेश के भतीजे ने सीएचसी अधीक्षक को फोन किया। उन्हें तत्काल कार्रवाई करने को कहा। कुछ देर बाद महिला के पास एंबुलेंस पहुंची।
जब तक सरकारी मदद महिला के पास पहुंची, तब तक उसका एक बच्चा हो चुका था और दूसरे बच्चे की प्रसव पीड़ा शुरू हो गई थी। इसके बाद महिला को आनन-फानन में मोहन लाल गौतम जिला महिला चिकित्सालय में रेफर किया गया। जहां महिला का इलाज चल रहा है और उसके नवजात बच्चे को ICU में रखा गया है।

