यूपी नगर निकाय चुनाव के पहले चरण के लिए सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया है। हालांकि मौसम की खराबी के चलते जौनपुर में वोटिंग धीमी गति से चल रही है। शांति पूर्ण माहौल में चुनाव को सम्पन्न कराने के लिए डीएम, एसपी भारी पुलिस फोर्स के साथ निरीक्षण कर रहे है। बता दें कि मछलीशहर तहसील क्षेत्र के नगर पालिका परिषद मुंगराबादशाहपुर एवं नगर पंचायत मछलीशहर में वोटिंग की प्रक्रिया सुबह 7 बजे से आरंभ हो गई है।
गौरतलब है कि मछलीशहर नगर पंचायत में अध्यक्ष सहित कुल 15 वार्डों के सदस्यों के भाग्य का फैसला 22875 मतदाता करेंगे। इसके लिए कुल 7 मतदान केन्द्रों पर 30 बूथ बनाए गए हैं। ज्यादातर बूथ फौजदार इंटर कॉलेज एवं मछलीशहर तहसील परिसर में ही हैं। दूसरी ओर नगर पालिका परिषद मुंगराबादशाहपुर में अध्यक्ष सहित कुल 25 वार्ड सदस्यों के भाग्य का फैसला 28690 मतदाता करेंगे। इसके लिए कुल 15 मतदान केन्द्रों पर कुल 32 बूथ बनाए गए हैं। रिजर्व पार्टियों को विशेष परिस्थिति में ड्यूटी के लिए तहसील परिसर में मुस्तैद रखा गया है।

