लोग समाज में बदलाव की बात तो करते है लेकिन खुद से उसकी शुरुवात नहीं करना चाहते। हम हमेशा से यह सुनते आए है कि दहेज एक सामाजिक कुप्रथा है लेकिन आज भी लोग शादी की बात करते है तो दहेज़ की बात करना नहीं भूलते। ऐसा लगता है जैसे कि वह दो घरों के बीच संबंध स्थापित नहीं कर रहे है बल्कि अपने लड़के – लड़कियों का सौदा कर रहे है। इसी दहेज़ के कारण कई मासूम ज़िंदगियाँ खत्म हो गयी। ऐसा ही एक वाकया उत्तर प्रदेश की महोबा से आई है।
दरअसल, महोबा में श्रीनगर थाना क्षेत्र के ज्योरईया गांव में दहेज की मांग पूरी ना होने पर पति ने पत्नी की कुल्हाड़ी से काटकर नृशंस हत्या कर दी। महिला की सनसनीखेज हत्याकांड की वारदात से गांव में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बरामद कर आरोपी हत्यारे पति की तलाश शुरू कर दी है।
बता दें कि श्रीनगर के ज्योरईया गांव में रहने वाले कमलेश कुशवाहा की शादी करीब 6 वर्ष पूर्व अनीता के साथ संपन्न हुई थी। शादी के बाद से सब कुछ अच्छा चल रहा था। मगर अचानक पति कमलेश अनीता और उसके परिजनों से दहेज की मांग करने लगा था। दहेज की मांग पूरी ना होने पर आए दिन दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया था। बीती रात भी दोनों के बीच दहेज की मांग को लेकर कहासुनी हो गई। यही वजह है कि पति कमलेश अपने ही पत्नी अनीता की कुल्हाड़ी से काटकर नृशंस हत्या की वारदात को अंजाम दिया है। घटना के बाद से आरोपी पति फरार है पुलिस टीमें आरोपी की तलाश में जुट गई हैं। तो वहीं आरोपी खिलाफ दहेज हत्या जैसे कई संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

