उत्तर प्रदेश के बरेली जिला जेल पहुँचने पर माफिया अतीक अहमद का भाई अशरफ ने एक चौकाने वाला खुलासा किया है। उसने आरोप लगाया है कि उसे एक अधिकारी ने धमकी दी है कि दो हफ्ते में उसकी हत्या करा दी जाएगी। बता दें कि कल राजू पाल हत्याकांड के प्रमुख गवाह उमेश पाल की हत्या के आरोप में प्रयागराज के एमपी / एमएलए कोर्ट में पेश किया गया था जहाँ उसे बरी कर दिया गया। उसके बाद उसे दोबारा बरेली जेल ले जाया गया।
अशरफ को देर रात 1.30 बजे जिला जेल में दाखिल कराया गया। बरेली जिला जेल पहुंचने पर गैंगेस्टर अशरफ से मीडिया ने सवाल पूछे। मीडिया के सवालों पर अशरफ ने कहा कि एक अधिकारी ने उसे धमकी दी है कि दो हफ्ते के भीतर उसकी हत्या करा दी जाएगी। अशरफ ने आगे कहा कि वह इसके लिए चीफ जस्टिस, हाई कोर्ट व मुख्यमंत्री को पत्र भेजेगा जिसमें उस अधिकारी का नाम लिखा होगा जिसने उसे मारने की धमकी दी है।
कैमरे की निगरानी में कराई जाती है मुलाकात
जब मीडिया ने उससे 11 फरवरी को जिला जेल में उमेशपाल हत्याकांड के आरोपितों के मिलने पर सवाल पूछा तब अशरफ ने कहा कि कैमरों की निगरानी में मुलाकात कराई जाती है। एलआईयू हर गतिविधि पर नजर रखती है। जिला जेल से बाहर निकाले जाने के सवाल पर यह भी कहा कि न्यायालय का स्पष्ट निर्देश है कि वीडियो कांफ्रेंसिंग से सुनवाई करें। जानबूझकर बाहर निकाला।
जेल से बाहर है खतरा
जिला जेल में सुरक्षा से जुड़े जब सवाल पूछा गया तब उसने कहा कि जेल में जब तक हूं, तब तक सुरक्षित हूं। बाहर निकलने पर जान का खतरा है। रास्ते में सफर को लेकर कहा कि पूरे सफर में भूखा रखा। पानी पीकर रोजा खोला हूं। उमेशपाल हत्याकांड की साजिश में साले सद्दाम के शामिल होने के सवाल पर कहा कि मैं विधायक रहा हूं। हमसे मिलने वाले कई लोग हैं। सद्दाम हमारा सगा रिश्तेदार हैं। आज साले का नाम ले रहे हैं, कल भाभी का नाम लेंगे।

