बिहार में यूट्यूबर मनीष कश्यप की गिरफ्तारी से आक्रोशित उसके समर्थकों ने सोमवार को जमकर हंगामा किया। इस दौरान मनीष कश्यप के समर्थकों ने आगजनी की और सरकार विरोधी नारे लगाए। इस विरोध – प्रदर्शन में सैकड़ों युवा शामिल हुए। मनीष कश्यप की रिहाई को लेकर सैकड़ों युवाओं ने सुगौली रक्सौल राष्ट्रीय उच्च पथ 527 डी को घंटो जाम कर दिया। जनता चौक पर सैकड़ों की संख्या में जमा युवाओं के हाथों में रिहाई की मांग व सरकार के विरोध में लिखे तख्ती भी मौजूद था।
गौरतलब है कि प्रदर्शनकारी युवाओं ने बताया कि सच्चाई दिखाने के कारण नकली सुशासन की सरकार मनीष कश्यप को परेशान कर रही है। राज्य में जंगलराज है। सही बोलने वाले को पकड़ कर जेल में बंद कर दिया जा रहा है। जिसके विरोध में हम लोग सड़क जाम किए हुए हैं। लोगो ने कहा कि सरकार मनीष कश्यप को जल्द से जल्द रिहा करे।
बता दें कि आगजनी और सड़क जाम के कारण सड़क पर वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतार लग गई और आवागमन बिल्कुल ठप्प हो गया। घटना के बाद मौके पर पहुंची सुगौली पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए जाम को खुलवाया।
सुगौली थानाध्यक्ष अखिलेश मिश्रा ने बताया कि सड़क जाम कर रहे चार युवकों को हिरासत में लिया गया है। मौके पर बनाए गए वीडियो के आधार पर चिन्हित कर अन्य लोगो की तलाश की जा रही है।

