Sunita Kejriwal: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी से राष्ट्रीय राजधानी में सियासी भूचाल आ गया है. सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ही जुबानी जंग में लगे हुए हैं. इस बीच, केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने उनकी गिरफ्तारी के बाद पहली बार अपनी चुप्पी तोड़ी है और दिल्लीवालों को समर्पित अपनी प्रतिक्रिया सोशल मीडिया पर दी है। उन्होंने लिखा, “मोदीजी ने सत्ता के अहंकार में आपके द्वारा तीन बार चुने गए मुख्यमंत्री को गिरफ्तार किया है। वह सभी को कुचलने में लगे हुए हैं। यह दिल्ली के लोगों के साथ विश्वासघात है। आपका मुख्यमंत्री हमेशा आपके साथ खड़ा है। चाहे अंदर हो या बाहर। उनका जीवन देश के लिए समर्पित है। जनता जनार्दन है सब जानती है। जय हिंद।”
आम आदमी पार्टी के सामने नेतृत्व का संकट
माना जा रहा है कि केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी के लिए बड़ा नेतृत्व संकट खड़ा हो गया है. इस बात पर व्यापक चर्चा है कि मुख्यमंत्री के जेल जाने के बाद दिल्ली का नेतृत्व कौन करेगा। इतना ही नहीं कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर भी संशय पैदा हो गया है. हालांकि कांग्रेस ने लोकसभा उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है, लेकिन इसमें दिल्ली की तीन लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम अभी नहीं आए हैं। हालांकि, आप ने हस्ताक्षर अभियान चलाया था, जिसमें 90 फीसदी लोगों ने कहा था कि मुख्यमंत्री जेल से भी दिल्ली चलाएंगे.
यह भी पढ़ें: Delhi Liquor policy: जेल में मनेगी केजरीवाल की होली, कोर्ट ने 6 दिनों की ED रिमांड पर भेजा
सुनीता को मिल सकती है जिम्मेदारी!
आम आदमी पार्टी के भीतर इस बात को लेकर भी अटकलें चल रही हैं कि अगला मुख्यमंत्री कौन होगा. सूत्रों के मुताबिक, मनीष सिसौदिया और सत्येन्द्र जैन के जेल में होने से मंत्री आतिशी और सौरभ भारद्वाज संभावित नेता बनकर उभर रहे हैं. ऐसी भी अटकलें हैं कि अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल भी कमान संभाल सकती हैं. हालांकि, ऐसे में आम आदमी पार्टी के कई नेताओं के भीतर इस मामले को लेकर आम सहमति बनाना और पार्टी को एकजुट रखना जरूरी होगा.

