Sultanpur Doctor Murder Case : यूपी में बाबा का बुलडोजर जबरदस्त फॉर्म में है, लगातार अपराधियों पर बुलडोजर चल रहा है, इसी सिलसिले में कल सुल्तानपुर (Sultanpur) के चर्चित कुख्यात डॉक्टर घनश्याम तिवारी हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई की गई है। प्रशासन ने कल अवैध रूप से बने भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यालय को ढहा दिया साथ ही मुख्य आरोपी अजय नारायण सिंह के कब्जे से करीब 4 करोड़ रुपए की सरकारी जमीन को छुड़वाया गया। इसके बाद प्रशासन ने नारायणपुर में एक घर की बाउंड्रीवॉल को गिरा दिया जो कि नलकूप विभाग की जमीन पर बनी हुई थी। हत्या के मुख्य आरोपी अजय नारायण सिंह पर पुलिस ने 50 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया है।
उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर (Sultanpur) में शनिवार को भूमि विवाद को लेकर 53 वर्षीय एक सरकारी डॉक्टर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, पुलिस ने रविवार को पूरे घटना की जानकारी दी। स्थानीय निवासी अजय नारायण सिंह (35) ने कथित तौर पर डॉक्टर घनश्याम तिवारी की पिटाई की थी। क्रूर हमले के बाद अजय नारायण सिंह ने डॉक्टर को ई-रिक्शा से घर भेज दिया। पुलिस ने कहा कि डॉक्टर कुछ मिनट बाद बेहोश हो गए और उन्हें सुल्तानपुर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां पहुंचने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
सुल्तानपुर के पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा ने बताया कि आरोपी अजय पर तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं. डॉक्टर की हत्या के आरोप में कोतवाली पुलिस स्टेशन में दर्ज किए गए अन्य दो आरोपी अज्ञात लोग हैं। बर्मा ने कहा कि पुलिस को शनिवार देर रात जिला अस्पताल से सूचना मिली कि डॉक्टर घनश्याम को मृत लाया गया है। एसएसपी ने कहा, “हम डॉक्टर को लगी चोटों की प्रकृति और पैटर्न जानने के लिए पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे थे।”
पीड़ित की पत्नी निशा तिवारी ने पुलिस को बताया कि उनके पति शनिवार शाम करीब चार बजे काम से घर लौटे. कुछ मिनटों के बाद, वह फिर से यह कहकर घर से निकल गया कि अजय ने उसे पड़ोस के इलाके नारायणपुर में अपने घर पर बुलाया है। पुलिस अधीक्षक ने कहा “शनिवार को लगभग 8 बजे, एक ई-रिक्शा उनके घर के बाहर रुका जब निशा तिवारी वहां खड़ी थीं। घनश्याम खून से लथपथ वाहन से नीचे उतरे। उनकी पत्नी ने कहा कि उनके पति ने उन्हें बताया था कि अजय नारायण सिंह ने उन्हें बुरी तरह पीटा था। कुछ मिनट बाद, वह बेहोश हो गए,”।
निशा तिवारी ने बताया कि उनके पति घनश्याम तिवारी ने शास्त्री नगर में सरस्वती विद्या मंदिर के पीछे अजय नारायण सिंह के पिता जगदीश नारायण सिंह से दो बिस्वा जमीन खरीदी थी. उन्होंने कहा, “पहले, हमने एक बिस्वा जमीन के लिए 25 लाख रुपये का भुगतान किया, और फिर हमने दूसरे बिस्वा जमीन के लिए 25 लाख रुपये का भुगतान किया। हालांकि, पूरी रकम चुकाने के बाद भी हमें जमीन का कब्जा नहीं दिया गया।” उन्होंने कहा, “पहले, अजय ने 1 लाख रुपये और मांगे, जो हमने उसे दे दिए। लेकिन अब, वह 2.5 लाख रुपये और मांग रहा था। तब से हमारा उसके साथ इस पर विवाद चल रहा था।” बर्मा ने कहा कि निशा के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाये गये हैं. हम इसकी जांच कर रहे हैं जबकि आरोपियों को पकड़ने के लिए छह टीमें बनाई गई हैं।

