मध्यप्रदेश के इंदौर शहर के श्री बेलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर के बावड़ी हादसे में अब तक 35 लोगों की मौत की खबरें सामने आ रही है। जबकि 20 से अधिक लोगों को बावड़ी में गिरे लोगों को निकालकर पास के अस्पतालों में भर्ती किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। जानकारी के मुताबिक अभी एक व्यक्ति और लापता है, जिसकी तलाश की जा रही है।
बता दें कि कल गुरुवार को रामनवमी के पावन पर्व पर श्री बेलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर में पूजा की जा रही थी। सुबह 11ः30 बजे हवन शुरू हुआ था। मंदिर परिसर के अंदर बावड़ी की गर्डर फर्शी से बनी छत पर 60 से ज्यादा लोग बैठे थे। तभी स्लैब भर-भराकर गिर गया और सभी लोग 40 फ़ीट गहरी बावड़ी में जा गिरे। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। गुरुवार देर रात तक बावड़ी से कुल 30 लोगों को निकाला गया था, जिनमें 14 लोगों की सांसे थम चुकी थी।
मृतकों के परिवार को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता
इसके बाद बावड़ी का पानी खाली कराया गया। बावड़ी से पानी निकालने के बाद पूरी रात रेस्क्यू ऑपरेशन चलता रहा। देर रात 12 से 1ः30 बजे के बीच 16 और ऐसे लोगों को निकाला गया जिसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद सुबह कुछ लोगों के शव बरामद हुए। फिलहाल रेस्क्यू अभियान अभी जारी है। इस रेस्क्यू ऑपरेशन को एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और सेना के जवानों के अलावा प्रशासन की भी कई टीमें मिलकर संभाल रही है।
इंदौर के संभागीय कमिश्नर डॉ. पवन शर्मा ने बताया कि इस हादसे में अब तक 35 लोगों की मृत्यु की पुष्टि हुई है। राहत कार्य अब भी जारी है। अब तक 18 लोगों को बचाया जा चुका है। बता दें कि प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घटना की न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं। इसके अलावा उन्होंने मृतकों के परिवार को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और घायलों को 50 हजार रुपये की मदद देने का ऐलान किया है। इसेक अलावा घायलों के इलाज का खर्च प्रदेश सरकार खुद उठा रही है।

