बिहार के भागलपुर जिले के जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन नशा मुक्त बिहार बनाने के लिए फिर से पहल कर रहे है। इस सिलसिले में उन्होंने आज शुक्रवार को भागलपुर के समाहरणालय स्थित समीक्षा भवन में एक बैठक आयोजित किए थे। जिसमें भागलपुर जिले के सभी डीएसपी, एसडीओ, बीडीओ, स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी एवं जिले के अन्य संबंधित पदाधिकारी शामिल हुए। इस बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने सार्वजनिक जगहों पर धूम्रपान करने वालों को लेकर सख्ती बरतने का निर्देश दिया है।
उन्होंने बैठक में कहा कि सार्वजनिक स्थल पर धूम्रपान वर्जित है फिर भी लोग धूम्रपान करते हैं। जबकि बिहार में बहुत पहले ही नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है कि किसी भी तरह के निकोटीन युक्त सामग्री जैसे गुटखा,सिगरेट और पान मसाला पर पाबंदी है फिर भी लोग हर जगह दुकानों में इसे बेच रहे हैं। सार्वजनिक स्थल पर इसका उपयोग भी कर रहे हैं। ऐसे लोग जल्द चिन्हित होंगे और उन्हें जेल भी भेजा जा सकता है। भागलपुर डीएम ने आगे कहा कि यह सर्कुलर पहले से बिहार में जारी है। उस पर फिर से अमल करते हुए इस पर पूर्णरूपेण विराम लगाना है। जो इसका उल्लंघन करेंगे कानूनी प्रक्रिया के तहत उन्हें सजा दी जाएगी।

