शुक्रवार को नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI) के टर्मिनल-1 पर छत का एक हिस्सा कारों पर गिरने से कम से कम छह लोग घायल हो गए। सूचना मिलने के बाद, तीन दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। मीडिया रिपोर्ट के हवाले से बताया गया कि छत गिरने के बाद, दिल्ली हवाई अड्डे के टर्मिनल 1 पर दोपहर 2 बजे तक उड़ानों का प्रस्थान स्थगित कर दिया गया।
IGI एयरपोर्ट के पिक-अप और ड्रॉप-ऑफ क्षेत्र में खड़ी कारों को नुकसान
सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में, एक व्यक्ति को ढह गई छत के नीचे अपनी कार में फंसा हुआ देखा गया, इससे पहले कि उसे बचाया गया। घायलों को अस्पताल ले जाया गया है तथा ढही हुई छत को हटाने के प्रयास जारी हैं।मीडिया रिपोर्ट के हवाले से, दिल्ली फायर सर्विसेज के एक अधिकारी ने बताया की, सुबह करीब 5.30 बजे हमें दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर छत गिरने की सूचना मिली। तीन दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया है। छत की चादर के अलावा सपोर्ट बीम भी गिर गई, जिससे IGI एयरपोर्ट के टर्मिनल 1 के पिक-अप और ड्रॉप-ऑफ क्षेत्र में खड़ी कारों को नुकसान पहुंचा।
दिल्ली में झूम के बरसे बदरा
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब आज (28 जून) दिल्ली के कई इलाकों में भारी बारिश हुई। लगातार दूसरे दिन भीषण गर्मी से राहत दिलाने वाली भारी बारिश के कारण राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाकों में जलभराव भी हुआ। दिल्ली और एनसीआर (राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र) में शुक्रवार तड़के से ही गरज और बिजली के साथ लगातार बारिश हो रही है। कई वीडियो में दिखाया गया है कि दक्षिण दिल्ली का गोविंदपुरी इलाका और नोएडा सेक्टर 95 जलभराव की चपेट में आ गया है।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में अभी बारिश होगी
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली में अगले सात दिनों के लिए मौसम का पूर्वानुमान लगाया है, जिसमें आमतौर पर बादल छाए रहने और तेज हवाओं के साथ बारिश की अलग-अलग तीव्रता का अनुमान लगाया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, 28 जून के लिए पूर्वानुमान में हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने, पिछले दिन के समान तापमान तथा 35 किमी/घंटा तक की गति से हवा चलने की संभावना है।

