दिल्ली के आबकारी नीति निर्माण और कार्यान्वयन में कथित भ्रष्टाचार के मामले में फंसे आप नेता और पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। बता दें कि आबकारी नीति घोटाले से संबंधित मनी लॉन्ड्रिंग केस में ईडी की रिमांड खत्म होने के बाद आप नेता मनीष सिसोदिया को आज बुधवार यानी 22 मार्च को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया था, जहां कोर्ट ने सिसोदिया को 5 अप्रैल 2023 तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने इस दौरान अदालत से अनुरोध किया कि उन्हें न्यायिक हिरासत के दौरान कुछ धार्मिक और आध्यात्मिक पुस्तकें ले जाने की अनुमति दी जाए। इस पर दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने सिसोदिया को गीता समेत अन्य किताबें ले जाने की अनुमति दे दी है।
गौरतलब है कि आप नेता मनीष सिसोदिया पहले से ही आबकारी नीति से जुड़े सीबीआई के मामले में हिरासत में जेल में हैं। बता दें कि सोमवार यानी 20 मार्च को राउज एवेन्यू कोर्ट ने सीबीआई के केस में 14 दिन और न्यायिक हिरासत बढ़ाई थी।

