Shashi Prakash Goyal: उत्तर प्रदेश सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी शशि प्रकाश गोयल (SP Goyal) को राज्य का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है। वे 1989 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अपर मुख्य सचिव पद पर कार्यरत थे।
नवनियुक्त मुख्य सचिव ने 31 जुलाई को लोक भवन पहुंचकर औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण किया। इससे पहले इस पद पर मनोज कुमार सिंह (IAS:1988:UP) कार्यरत थे, जो अब रिटायर हो गए हैं।
केंद्र ने ठुकराया प्रस्ताव
योगी सरकार ने मनोज कुमार सिंह के लिए एक साल के सेवा विस्तार का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा था। लेकिन यह प्रस्ताव केंद्र द्वारा अस्वीकार कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, केंद्र सरकार के कुछ वरिष्ठ मंत्रियों ने इस पर आपत्ति जताई थी। इसके बाद यह लगभग तय हो गया था कि एसपी गोयल को मुख्य सचिव बनाया जाएगा।
प्रशासनिक अनुभव और पोस्टिंग्स
शशि प्रकाश गोयल का प्रशासनिक अनुभव लगभग चार दशकों का रहा है। उनकी पहली पोस्टिंग इटावा जिले में सहायक मजिस्ट्रेट के तौर पर हुई थी। इसके बाद वे मुख्य विकास अधिकारी के रूप में अलीगढ़, बहराइच और मेरठ जिलों में सेवाएं दे चुके हैं।
वे जिलाधिकारी के रूप में मथुरा, इटावा, प्रयागराज और देवरिया जैसे प्रमुख जिलों में कार्य कर चुके हैं। समाजवादी पार्टी की पूर्व सरकार में वे नियोजन विभाग और कार्यक्रम कार्यान्वयन विभाग के सचिव भी रहे।
केंद्र सरकार में भी निभाई अहम भूमिका
केंद्र में उनकी पोस्टिंग मानव संसाधन मंत्रालय और उच्च शिक्षा विभाग में संयुक्त सचिव के रूप में रही। वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद वे राज्य में लौटे और तब से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रमुख सचिव के पद पर लगातार कार्यरत रहे।
योगी के विश्वासपात्र अधिकारी माने जाते हैं गोयल
शशि प्रकाश गोयल को सीएम योगी आदित्यनाथ का करीबी अधिकारी माना जाता है। उनकी कार्यशैली और अनुशासन के कारण वे मुख्यमंत्री के भरोसेमंद अफसरों की सूची में शामिल हैं। उनकी नियुक्ति से यह साफ संकेत मिलता है कि राज्य सरकार प्रशासन में तेज़ और पारदर्शी कार्यशैली को प्राथमिकता दे रही है।
ये भी पढ़ें : AIIMS Patna: AIIMS पटना में बड़ा हंगामा, डॉक्टरों का हड़ताल और दे दी आपातकालीन सेवाएं भी बंद करने की चेतावनी
ये भी देखें : Monsoon Session: गृह मंत्री अमित शाह के संबोधन के दौरान विपक्ष ने राज्यसभा से किया वॉकआउट!