Greater Noida News : ग्रेनो वेस्ट स्थित पंचशील हाईनिश सोसाइटी में शनिवार को सफाईकर्मियों ने बिल्डर पर बिना वेतन दिए नौकरी से निकालने का आरोप लगाया है। सफाईकर्मियों का आरोप है कि बिल्डर प्रबंधन ने बिना वेतन दिए बिना ही सफाई कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है, साथ ही नई एजेंसी को साफ-सफाई का ठेका दे दिया है।
40 कर्मचारियों का नहीं मिला वेतन
पंचशील हाईनिश सोसाइटी में करीब 40 सफाई कर्मचारी काम करते हैं। जिनमें से 30 महिलाएं और 10 पुरुष हैं। करीब चार महीने से इन सभी सफाई कर्मचारियों को वेतन नहीं मिला है। जिसके चलते यह कई दिनों से सोसाइटी में धरना प्रदर्शन भी कर रहे थे। 26 अगस्त को जब सोसाइटी में प्रदर्शन किया गया था तो मेंटेनेंस विभाग द्वारा 28 अगस्त तक वेतन देने का वादा किया गया था।
वादे के बावजूद नहीं दिया वेतन
29 अगस्त को सभी सफाई कर्मचारियों ने सोसाइटी के मुख्य द्वार को बंद करके प्रदर्शन किया। शनिवार को जब सभी कर्मचारी सोसाइटी में पहुंचे तो उनसे काम करने के लिए मना कर दिया और वापस घर जाने के लिए कहा गया। वहीं, निवासियों ने भी बिजली कनेक्शन का रिचार्ज समय से नहीं करने पर सुबह मेंटेनेंस विभाग ऑफिस पहुंचकर नाराजगी जताई। मेंटेनेंस विभाग के मैनेजर प्रमोद त्यागी ने बताया कि निवासियों द्वारा समय से मेंटेनेंस का पैसा नहीं दिया जाता है। जिसकी वजह से कार्य करने में देरी हो रही है। वहीं, जब उनसे सफाई कर्मचारियों को नौकरी से निकलने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कोई जवाब देने से मना कर दिया।

