भोजपुरी की जानी मानी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मौत मामले में अब पुलिस आरोपी भोजपुरी गायक और दुबे की कथित बॉयफ्रेंड समर सिंह यादव से पूछताछ करेगी। आज बुधवार को सिविल जज जूनियर डिवीजन व फास्ट ट्रैक कोर्ट द्वितीय तान्या गुप्ता की अदालत ने आरोपी समर सिंह की पुलिस कस्टडी की रिमांड मंजूर कर ली है।
बता दें कि अदालत ने समर सिंह को पुलिस रिमांड में 13 अप्रैल की सुबह 10 बजे से 17 अप्रैल की शाम पांच बजे तक के लिए भेज दिया है। इसके पहले चौकाघाट स्थित जिला कारागार से आरोपी समर सिंह को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से अदालत में पेश किया गया। अदालत ने सुनवाई में दोनों पक्षों को सुनने के बाद समर सिंह का कस्टडी रिमांड मंजूर कर लिया। सारनाथ पुलिस ने गायक समर सिंह की सात दिन की रिमांड अदालत से मांगी थी।
गौरतलब है कि वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र के होटल सोमेन्द्र के कमरे में बीते 26 मार्च को अभिनेत्री आकांक्षा दुबे का शव फंदे के सहारे बेड पर बैठी मुद्रा में मिला था। उसके अगले दिन यानी 27 मार्च को आकांक्षा दुबे की मां मधु दुबे ने सारनाथ थाने में गायक समर सिंह और उसके दोस्त संजय सिंह के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था। छह अप्रैल की रात गाजियाबाद से समर सिंह को वाराणसी पुलिस ने गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे गाजियाबाद की अदालत में पेश कर पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर वाराणसी लेकर आई। पूछताछ के बाद पुलिस ने समर सिंह को रिमांड मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया था ।

