Salman Khan: बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के फैंस एक बार फिर उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित हो गए हैं, जब एक अनजान शख्स ने गैलेक्सी अपार्टमेंट, बांद्रा स्थित उनके घर में घुसने की कोशिश की। यह घटना 20 मई की शाम करीब 7:15 बजे की है, जब आरोपी ने सुरक्षा घेरे को चकमा देते हुए अपार्टमेंट परिसर में प्रवेश किया।
क्या है पूरा मामला
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी की पहचान जितेंद्र कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो छत्तीसगढ़ का रहने वाला है। यह शख्स पहले भी गैलेक्सी अपार्टमेंट के आस-पास संदिग्ध रूप से घूमता देखा गया था। सुबह करीब 9:45 बजे पुलिस ने उसे इलाके से हटने के लिए कहा, जिस पर नाराज होकर उसने अपना मोबाइल फोन जमीन पर फेंककर तोड़ दिया।
हालांकि, इसी शख्स ने शाम को फिर से एक स्थानीय निवासी की कार के पीछे छिपकर अपार्टमेंट परिसर में घुसने की कोशिश की, लेकिन पुलिस कांस्टेबल सुर्वे, महेत्रे, पवार और गार्ड कमलेश मिश्रा की सतर्कता से तुरंत उसे हिरासत में ले लिया गया और बांद्रा पुलिस के हवाले कर दिया गया।
कानूनी कार्रवाई
इस मामले में आरोपी जितेंद्र कुमार सिंह के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (BNS) की धारा 329(1) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी मानसिक रूप से स्वस्थ है या नहीं और उसके इरादे महज प्रशंसक के थे या कुछ और।
सलमान से मिलने की थी ख्वाहिश
पूछताछ के दौरान आरोपी ने कहा, “मैं सलमान खान से मिलना चाहता हूं, लेकिन पुलिस मुझे उनसे मिलने नहीं दे रही, इसलिए मैं छिपकर अंदर जाने की कोशिश कर रहा था।”
यह बयान जहां उसकी मंशा को दर्शाता है, वहीं यह भी साफ करता है कि सेलेब्रिटी कल्ट और फैन फॉलोइंग कभी-कभी किस हद तक जा सकती है।
सुरक्षा को लेकर फिर सवाल
गौरतलब है कि सलमान खान (Salman Khan) को पहले भी कई बार जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं। कुछ समय पहले उनके घर के बाहर फायरिंग की घटना भी हो चुकी है, जिसके बाद से उनकी सुरक्षा को Z+ लेवल तक बढ़ा दिया गया है। अब वे जहां भी जाते हैं, भारी सुरक्षा घेरे में रहते हैं।
ये भी पढ़ें : Delhi Weather: दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने बदली करवट, आंधी और हल्की बारिश से मिली गर्मी से राहत
ये भी देखें : Bihar Politics : बिहार की राजनीतिक हलचल का क्या है मामला, खरगे-तेजश्वी ने मिलाया हाथ | Niwan Time

