Rohit Sharma: 29 जून, शनिवार को रोहित शर्मा की भारतीय टीम ने एक ऐसी उपलब्धि हासिल की जिसे भारतीय प्रशंसक कभी नहीं भूल पाएंगे। यह वह दिन था जब रोहित और उनकी टीम ने 2024 टी20 विश्व कप जीता था। टूर्नामेंट का खिताबी मुकाबला बारबाडोस के केंसिंग्टन ओवल में हुआ था। ट्रॉफी जीतने के बाद भारतीय कप्तान मैदान की मिट्टी खाते नजर आए। रोहित शर्मा ने अब इस पल पर अपनी चुप्पी तोड़ी है।
रोहित शर्मा ने बताया कि सब कुछ उस पल के साथ ही हो गया और कुछ भी स्क्रिप्टेड नहीं था। बीसीसीआई ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया जिसमें कप्तान रोहित शर्मा बोलते नजर आए। मैदान की मिट्टी खाने के बारे में भारतीय कप्तान ने कहा, “मैं उन भावनाओं को बयां नहीं कर सकता, और कुछ भी स्क्रिप्टेड नहीं था। यह बस उस पल के साथ हुआ। मैं अपने जीवन में बारबाडोस और इस पिच को हमेशा याद रखूंगा। इसलिए मैं इसका एक टुकड़ा अपने पास रखना चाहता था। वह पल मेरे लिए बहुत खास है।”
रोहित शर्मा 2024 टी20 विश्व कप में दूसरे सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी थे। 8 मैचों और 8 पारियों में उन्होंने 36.71 की औसत और 156.71 की स्ट्राइक रेट से 257 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने तीन अर्धशतक, 24 चौके और 15 छक्के लगाए।
ये भी पढ़ें..
Akhilesh Yadav: ‘आवाम ने तोडा हुकूमत का गुरुर..’, अखिलेश यादव ने अपने ही खास अंदाज में साधा मोदी सरकार पर निशाना
भारत के लिए ICC ट्रॉफी जीतने वाले तीसरे कप्तान
गौरतलब है कि रोहित शर्मा भारतीय क्रिकेट टीम के लिए ICC ट्रॉफी जीतने वाले तीसरे कप्तान बन गए हैं। टीम इंडिया के लिए पहली ICC ट्रॉफी कपिल देव ने 1983 के वनडे विश्व कप में जीती थी। उसके बाद एमएस धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया ने तीन ICC ट्रॉफी जीतीं: 2007 टी20 विश्व कप, 2011 वनडे विश्व कप और 2013 चैंपियंस ट्रॉफी। अब रोहित शर्मा ने टीम इंडिया को 2024 के टी20 विश्व कप में जीत दिलाई है।