Rekha Gupta : अर्थ डे के अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक भावुक और जागरूकता से भरी अपील करते हुए राजधानी के नागरिकों से 22 अप्रैल की रात 8:00 बजे से 8:05 बजे तक पांच मिनट के लिए बिजली बंद करने का अनुरोध किया है। उन्होंने इस पहल को “धरती मां के लिए एक छोटा लेकिन सशक्त उपहार” बताया है।
“बचपन में तारे दिखते थे, अब रोशनी में वे खो गए हैं”
सीएम रेखा गुप्ता ने अपने संदेश में पुराने दिनों को याद करते हुए कहा जब हम बच्चे थे, तो गर्मियों की रातों में छत पर लेटकर तारों भरा आसमान देखते थे। आज रोशनी है, बिजली है, लेकिन आसमान से तारे गायब हैं। उन्होंने कहा कि यह पांच मिनट का अंधेरा, पर्यावरण को रोशनी देने का एक प्रयास होगा।
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में जागरूकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रतीकात्मक पहल भले ही छोटी हो, लेकिन यह पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा संदेश देती है। पांच मिनट की बिजली बंदी हमारी धरती को थोड़ा आराम देने का मौका है। यह प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी को दर्शाता है। उन्होंने सभी दिल्लीवासियों से इस अभियान का हिस्सा बनने की अपील की है।
जल मंत्री ने भी की समर्थन की अपील
दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने भी सीएम की इस पहल का समर्थन करते हुए लोगों से अपने घर, दफ्तर और सार्वजनिक स्थानों की बिजली पांच मिनट के लिए बंद करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि “हर छोटा कदम बड़ा असर लाता है, खासकर जब बात पर्यावरण की हो।”
बिजली की मांग और बचत के आंकड़े
दिल्ली (Rekha Gupta) में बिजली की बढ़ती मांग के बीच इस पहल की प्रासंगिकता और बढ़ जाती है। पिछले साल दिल्ली में बिजली की मांग 8656 मेगावाट थी। इस साल यह आंकड़ा 9000 मेगावाट तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। अर्थ आवर 2023 के दौरान दिल्ली में 206 मेगावाट बिजली की बचत दर्ज की गई थी।
एकजुटता से आएगा बदलाव
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा पर्यावरण संरक्षण सरकार की नहीं, हम सबकी जिम्मेदारी है। अगर हम सब साथ आएं तो बड़ा बदलाव संभव है।
ये भी पढ़ें : Delhi-NCR Weather : दिल्ली-एनसीआर में गर्मी का कहर जारी, पारा 41 डिग्री के पार
ये भी देखें : Bihar Politics : बिहार की राजनीतिक हलचल का क्या है मामला, खरगे-तेजश्वी ने मिलाया हाथ | Niwan Time

