Ratan Tata Death: टाटा संस के पूर्व चेयरमैन रतन टाटा का बुधवार देर रात निधन हो गया। इस अवसर पर महाराष्ट्र कैबिनेट की बैठक में रतन टाटा को श्रद्धांजलि दी गई। बैठक में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शोक प्रस्ताव पेश किया। बैठक में एक प्रस्ताव भी पारित किया गया, जिसमें केंद्र सरकार से रतन टाटा को उनकी उपलब्धियों के लिए भारत रत्न से सम्मानित करने का आग्रह किया गया।
रतन टाटा के निधन से पूरे देश में शोक की लहर है। सीएम एकनाथ शिंदे ने टाटा को राष्ट्रीय प्रतीक बताते हुए दुख व्यक्त किया। महाराष्ट्र में एक दिन का शोक घोषित किया गया है और रतन टाटा को श्रद्धांजलि के तौर पर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस दौरान राज्य भर के सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज आधे झुके रहेंगे और कोई मनोरंजन कार्यक्रम नहीं होगा। रतन टाटा का पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
मुंबई ने अपना पितामह खो दिया है: सीएम एकनाथ शिंदे
इससे पहले सीएम एकनाथ शिंदे ने भी ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर टाटा के निधन पर दुख व्यक्त किया था। उन्होंने लिखा, “रतन टाटा के निधन से मैं बहुत दुखी हूं। वे भारतीय उद्योग जगत की सबसे महान हस्तियों में से एक थे। टाटा समूह के माध्यम से उन्होंने सुनिश्चित किया कि भारतीय उद्योग जगत विश्व मंच पर एक प्रमुख स्थान पर रहे। उन्हें उनकी नैतिकता, नेतृत्व और देशभक्ति के लिए हमेशा याद किया जाएगा। उनमें निर्णय लेने की असाधारण क्षमता थी। उन्होंने हमारे जीवन को बदल दिया और दुनिया का भारत के प्रति नजरिया बदल दिया। दुनिया ने एक दूरदर्शी खो दिया है और भारत ने एक महान सपूत खो दिया है। मुंबई ने अपना पितामह खो दिया है।”
रतन टाटा का अंतिम संस्कार आज, गुरुवार को मुंबई के वर्ली इलाके में शाम 4 बजे किया जाएगा। इससे पहले, उनके पार्थिव शरीर को मुंबई के नेशनल सेंटर फॉर परफॉर्मिंग आर्ट्स हॉल में रखा जाएगा, जहां लोग दोपहर 3:30 बजे तक उनके अंतिम दर्शन कर सकते हैं।