कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) अभी हाल ही में अमेरिका के दौरे पर थे. जहां पर उन्होंने भारत में आरक्षण खत्म करने को लेकर एक बयान दिया था. जिसको लेकर अब सियासी बयानबाजी शुरू हो गई. लगातार बीजेपी के कई नेताओं ने राहुल गांधी की कड़ी आलोचना की है. तो वहीं इसी क्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री रामदास अठावले (Ramdas Athawale) ने भी राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला है.
केंद्रीय राज्य मंत्री रामदास अठावले ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की जिसमें उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अगर आरक्षण खत्म करने की बात करते हैं, तो उनकी कांग्रेस पार्टी खत्म हो जाएगी, लेकिन आरक्षण खत्म नहीं होगा, जब तक हम लोग सत्ता में हैं, तब तक कोई भी आरक्षण खत्म नहीं कर सकता है. उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी को बचपना छोड़ देना चाहिए. वो देश के बाहर जाकर देश की निंदा करते है जो ठीक नहीं है. राहुल गांधी के बोलने से आरक्षण खत्म नहीं होगा क्योंकि उनकी सरकार नहीं आएगी.
राहुल गांधी का पासपोर्ट रद्द हो
इतना ही नहीं उन्होंने सांसद राहुल गांधी के पासपोर्ट को रद्द करने तक मांग कर डाली. रामदास अठावले ने कहा कि राहुल गांधी को विदेशों में जाकर देश के बारे में ऐसा बयान नहीं देना चाहिए. ऐसे बयान राहुल गांधी को नहीं देना चाहिए. इसलिए, राहुल गांधी का पासपोर्ट रद्द किया जाना चाहिए. तो वहीं इस बीच उन्होंने अजीत पवार को लेकर लेकर भी बयान दिया. उन्होंने कहा कि अजित पवार ने गठबंधन को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया है. अजित पवार के पास भी लोकसभा की 17 सीटों पर हिस्सेदारी है लेकिन राज ठाकरे को महागठबंधन से कोई मतलब नहीं है. रामदास अठावले ने आगे यह भी बयान दिया कि मेरी वजह से महायुति को राज ठाकरे को नहीं लेना चाहिए.
ये भी पढ़ें…
राहुल गांधी ने क्या कहा था?
बता दें कि राहुल गांधी हाल ही में अमेरिका की यात्रा पर थे. इसी दौरान उन्होंने जॉर्जटाउन विश्वविद्यालय के छात्रों से बातचीत की और इस यूनिवर्सिटी के छात्रों ने उनसे देश में आरक्षण को लेकर एक सवाल पूछा. जिसके जवाब में राहुल गांधी ने बयान दिया था. उन्होंने कहा था कि सही समय आने पर कांग्रेस आरक्षण खत्म करने पर विचार करेगी. इसके अलावा भी उन्होंने कई और बयान दिए थे, जिस पर भाजपा के कई नेताओं ने उनपर जमकर निशाना साधा था.

