Ayodhya News: मणिराम दास छावनी में रविवार को रामायण मेला समिति अयोध्या के कार्यवाहक अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की अध्यक्षता में 42वें रामायण मेला की बैठक संपन्न हुई। रामायण मेला की अवधि चार दिवस से बढ़कर छह दिवस किया गया है। इस दौरान रामायण मेला की तैयारियों को लेकर वृहद चर्चा हुई। समिति के संरक्षण मंडल में जगद्गुरु श्री राघवाचार्य को एवं जगतगुरू रामदिनेशाचार्य को महत्वपूर्ण स्थान दिया गया। मंत्री पद पर शरद चंद्र कपूर को चयनित किया गया।
रामायण मेला समिति (अयोध्या) के संरक्षक ने कही बड़ी बात
रामायण मेला समिति के संरक्षक डॉ निर्मल खत्री ने कहा कि राम मंदिर निर्माण के साथ ही अयोध्या की संस्कृति एवं वैभव को विश्व स्तर पर ले जाने में रामायण मेला को वृहद एवं विस्तार रूप इस वर्ष प्रदान किया जाएगा। रामायण मेला के अवसर पर प्रकाशित होने वाली पत्रिका “तुलसी दल” में इस वर्ष रामायण मेले कि अयोध्या के विकास में चार दशकों रही भूमिका तथा अयोध्या धाम के धार्मिक व सांस्कृतिक महत्त्व के सभी प्रमुख स्थानों पर विशेष प्रकाश डालने का प्रस्ताव है।
महापौर का बड़ा फैसला
नगर विधायक वेद गुप्ता ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा आवश्यक समस्त सहयोग प्रदान किया जाएगा। महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने राम कथा पार्क 10 दिवसीय नि:शुल्क उपलब्ध कराने के साथ-साथ अन्य सुविधाएं नगर निगम अयोध्या की तरफ से प्रदान करने की घोषणा की। समिति ने यह निर्णय भी लिया रामायण मेला की समस्त कार्य प्रक्रिया टेंडर द्वारा निर्धारित की जाएगी तथा शीघ्र ही इसके टेंडर का प्रकाशन किया जाएगा जिससे रामायण मेला कार्यक्रम के पूर्व ही समस्त प्रक्रियाएं समय से पूर्ण की जा सके।

