Rajya Sabha Elections: चुनाव आयोग ने 56 राज्यसभा सीटों पर चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है. 15 राज्यों की इन 56 राज्यसभा सीटों के लिए 27 फरवरी को चुनाव होंगे। चुनाव आयोग ने बताया कि इन 56 राज्यसभा सांसदों का कार्यकाल अप्रैल 2024 में खत्म हो जाएगा। इन सीटों के लिए वोटिंग 27 फरवरी को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगी। नामांकन की आखिरी तारीख 15 फरवरी है.
राज्य सीटों की संख्या
आंध्र प्रदेश 3
बिहार 6
छत्तीसगढ़ 1
गुजरात 4
हरियाणा 1
हिमाचल प्रदेश 1
कर्नाटक 4
मध्य प्रदेश 5
महाराष्ट्र 6
तेलंगाना 3
उत्तर प्रदेश 10
उत्तराखंड 1
पश्चिम बंगाल 5
ओडिशा 3
राजस्थान 3
56 सीटों में से सबसे ज्यादा 10 सीटें उत्तर प्रदेश से हैं। इसके अतिरिक्त, महाराष्ट्र और बिहार में 6-6 सीटें हैं, जबकि मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल में 5-5 सीटें हैं। कर्नाटक और गुजरात में भी 27 फरवरी को 4-4 राज्यसभा सीटों पर चुनाव होंगे। इसके अलावा, तेलंगाना, राजस्थान और ओडिशा में भी 3-3 सीटों पर मतदान होगा। छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में एक-एक सीट पर मतदान होगा.
27 फरवरी को नतीजे घोषित किए जाएंगे
राज्यसभा की 56 सीटों के लिए 27 फरवरी को मतदान होगा और उसी दिन नतीजे घोषित किये जायेंगे. चुनाव आयोग 8 फरवरी को चुनाव की अधिसूचना जारी करेगा। नामांकन की आखिरी तारीख 15 फरवरी है और नामांकन पत्रों की जांच 16 फरवरी को होगी। उम्मीदवार 20 फरवरी तक अपना नाम वापस ले सकते हैं।
लोकसभा चुनाव से पहले ये चुनाव बेहद अहम
चुनाव आयोग ने राज्यसभा चुनाव की घोषणा ऐसे समय में की है जब राजनीतिक पार्टियां लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी हैं. इन राज्यसभा चुनावों को आगामी लोकसभा चुनावों की तैयारियों के मद्देनजर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इन 56 सीटों पर चुनाव के बाद संसद के ऊपरी सदन के राजनीतिक परिदृश्य में बदलाव आएगा।

