पंजाब पुलिस के मोस्ट वांटेड और खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह के राजस्थान में होने के इनपुट मिलने के बाद राज्य की पुलिस भी सक्रिय हो गई है। राजस्थान के पुलिस महानिदेशक उमेश मिश्रा का दावा है कि हम सफलता के करीब हैं। बस अभी इतनी ही जानकारी दी जा सकती है। बाकी अमृतपाल की तलाश जारी है।
देश की सुरक्षा एजेंसियां, पंजाब पुलिस और अन्य राज्यों की पुलिस भी लगातार उसकी खोज में हैं। सेंट्रल एजेंसियों ने उसके राजस्थान के बॉर्डर इलाकों में छिपे होने की आशंका जताई है। हालांकि, आज सवेरे तक किसी पुलिस अधिकारी ने इसकी पुष्टि नहीं की थी, लेकिन दोपहर बाद राजस्थान के पुलिस महानिदेशक उमेश मिश्रा ने पुलिस मुख्यालय में एक मीडिया ब्रीफिंग के दौरान कहा कि पंजाब के मोस्ट वांटेड अमृतपाल के करीब तक राजस्थान पुलिस पहुंच चुकी है, लेकिन उसकी तलाश जारी है। बस अभी इतनी ही जानकारी दी जा सकती है।
डीजीपी उमेश मिश्रा ने बताया कि अमृतपाल सिंह के पंजाब से राजस्थान में भागने का सेंट्रल एजेंसियों से इनपुट मिला है। इसी को लेकर प्रदेश के पांच जिलों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। अनुमान है कि वह इन बॉर्डर इलाकों से होते हुए पाकिस्तान भाग सकता है। राजस्थान पुलिस के साथ अन्य एजेंसियां भी अमृतपाल सिंह को पकड़ने के लिए पूरा प्रयास कर रही हैं। जब तक सर्च पूरा नहीं हो जाता, ऑपरेशन को गोपनीय रखा जाएगा।
पंजाब पुलिस के साथ मिलकर राजस्थान पुलिस श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, जैसलमेर, बीकानेर, बाड़मेर से सटे बॉर्डर इलाकों में सर्च कर रही है। इसके अलावा राजस्थान पुलिस के साथ सेन्ट्रल एजेंसियां भी अमृतपाल के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। इसके अलावा पुलिस मुख्यालय से एक सीनियर आईपीएस अधिकारी को भी इन जिलों में ऑपरेशन की मॉनिटरिंग के लिए भेजा गया है।

