Rahul Gandhi : उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कांग्रेस नेता और रायबरेली से सांसद राहुल गांधी पर कड़ा हमला बोलते हुए उन्हें ‘नकली गांधी’ और ‘फसली हिंदू’ करार दिया है। मंत्री का यह बयान उस वक्त आया है जब राहुल गांधी की नागरिकता को लेकर हाईकोर्ट में सुनवाई चल रही है।
“विदेश जाकर भारत माता को करते हैं शर्मिंदा”
मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा, “राहुल गांधी हर बार विदेश जाकर भारत माता को लज्जित करने का काम करते हैं। वह न भारतीय संस्कृति को समझते हैं और न ही उसका पालन करते हैं।”
उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी का आचरण और व्यवहार भारतीय मूल्यों के विपरीत है। “कभी टोपी, कभी जनेऊ, बिटिया का नाम मारिया, बेटे का नाम रेहान” अपने तीखे बयान में मंत्री ने कहा, जब जरूरत होती है, तब टोपी पहन लेते हैं, और जब ज़रूरत पड़ती है, तो उल्टा जनेऊ पहन लेते हैं। बिटिया का नाम मारिया और बेटे का नाम रेहान रखा जाता है। इतने रूप बदलना भारतीय संस्कृति में नहीं आता। इससे संदेह होता है कि वह भारतीय हैं भी या नहीं।”
राहुल गांधी की नागरिकता पर उठाए सवाल
मंत्री ने आगे कहा कि हाईकोर्ट में चल रही नागरिकता संबंधित सुनवाई इस विषय पर बड़ा खुलासा कर सकती है। “अगर राहुल गांधी भारतीय नहीं पाए जाते हैं, तो यह देश के लिए सबसे बड़ा धोखा होगा।” उन्होंने बताया कि उच्च न्यायालय ने केंद्र सरकार से इस मामले पर रिपोर्ट मांगी है और जल्द ही इस प्रकरण का पटाक्षेप होना चाहिए।
अखिलेश यादव पर भी निशाना
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा पुलिस में जातिगत पोस्टिंग को लेकर उठाए गए सवाल पर भी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा जो व्यक्ति मुख्यमंत्री रह चुका है, उससे उम्मीद नहीं की जाती कि वह दरोगा की जाति पूछे। सेवा, कर्तव्य और आचरण की बात करें, जाति की नहीं। यह बयान बेहद निम्न स्तर का और असत्य है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि यह बयान ‘कुंठित मानसिकता’ और ‘सस्ती लोकप्रियता’ पाने की कोशिश का नतीजा है।
आरक्षण नीति और बिजली बिल पर भी दी प्रतिक्रिया
प्रदेश में आरक्षण नीति पर सवालों को लेकर मंत्री ने कहा कि सरकार ने संविधान के अनुसार हर वर्ग को उनका हक दिया है। अगर कहीं कोई समस्या सामने आती है तो उस पर उचित कार्रवाई की जाएगी। हमारी सरकार ने कभी किसी का अहित नहीं किया है। बिजली बिलों (Rahul Gandhi) में बढ़ोतरी के सवाल पर मंत्री ने कहा हम जनता से जो भी टैक्स लेते हैं, वह पूरी तरह जनता की सेवा में लगाया जाता है। हमारी सरकार में किसी मंत्री पर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं है, जबकि पूर्ववर्ती सरकारों में कई नेताओं पर गंभीर आरोप लगे थे।
ये भी पढ़ें : Delhi-NCR Weather : दिल्ली-एनसीआर में गर्मी का कहर जारी, पारा 41 डिग्री के पार
ये भी देखें : Bihar Politics : बिहार की राजनीतिक हलचल का क्या है मामला, खरगे-तेजश्वी ने मिलाया हाथ | Niwan Time

