कांग्रेस नेता और पूर्व सांसद राहुल गाँधी को मोदी सरनेम विवाद पीछा छोड़ने का नाम नहीं ले रहा है। आज उन्हें बिहार की राजधानी पटना स्थित एमएलए-एमपी कोर्ट में मोदी सरनेम केस को लेकर पेश होना था लेकिन वह पेश नहीं हुए। बता दें कि राहुल गाँधी के वकील ने अदालत में आवेदन देकर बताया कि उन्हें 13 अप्रैल को सूरत की अदालत में पेश होना है। इस कारण राहुल गांधी आज नहीं आ सके। उसके बाद वकील ने अदालत से अगली तारीख देने की मांग की। एमपी-एमएलए अदालत के विशेष न्यायिक दंडाधिकारी आदिदेव की अदालत ने एक नई तारीख देते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी को 25 अप्रैल को अदालत में पेश होने को कहा।
बता दें कि इस केस के शिकायतकर्ता भाजपा सांसद सुशील मोदी है। मोदी के वकील ने कोर्ट में राहुल गांधी का बेल बॉन्ड रद्द कर गैर जमानती वारंट जारी करने का अनुरोध किया। इस पर कोर्ट ने कहा कि अगर अगली सुनवाई में राहुल गांधी सशरीर पेश नहीं होते हैं तो उनका बेल बॉन्ड रद्द कर दिया जाएगा।
गौरतलब है कि वायनाड के सांसद रहे राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव के दौरान साल 2019 में कर्नाटक के कोलार में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा था कि ‘मोदी सरनेम वाले सभी मोदी चोर हैं।’ इस पर 2019 में ही सुशील कुमार मोदी ने पटना कोर्ट में मामला दर्ज करवाया था। पिछली सुनवाई में राहुल को कोर्ट ने 12 अप्रैल को सशरीर उपस्थित होने का आदेश दिया था।

