उत्तर प्रदेश के जौनपुर के नगर कोतवाली थाना अंतर्गत ओलन्दगंज में होटल गौतम बुद्ध में चल रहे अनैतिक देह व्यापार का जिला प्रशासन और पुलिस टीम ने शुक्रवार को छापा मारकर पर्दाफाश किया है । मौके से कई युवक युवतियों को गिरफ्तार किया गया है। इस क्रम में होटल मैनेजर महेंद्र कुमार निवासी धर्मापुर व एक अन्य को गिरफ्तार किया है। दिनदहाड़े हुई इस कार्रवाई से अनैतिक कार्य में लिप्त होटल संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।
बता दें कि सिटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में नगर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा था। इसी बीच नागरिकों ने सिटी मजिस्ट्रेट से शिकायत की कि गौतमबुद्ध होटल में अनैतिक देह व्यापार चल रहा है। इस भवन के प्रथम तल पर होटल चलता है और उसके ऊपरी तल पर बीजेपी का नगर कार्यालय है। स्थानीय नागरिकों ने कहा कि देहव्यापार चलने के कारण शहर का माहौल दूषित हो रहा है।
गौरतलब है कि शिकायत मिलते ही सिटी मजिस्ट्रेट देवेंद्र कुमार सिंह ने अपनी टीम के साथ होटल में पहुंचकर छापेमारी की तो तीन युवतियां एक कमरे में बैठी मिलीं जबकि तीन अलग-अलग कमरों में आपत्तिजनक हालात में युवक-युवतियां मिलीं। कोतवाली पुलिस सभी को पकड़कर कोतवाली ले गई और पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही है। इनमें से कुछ लड़कियों ने बताया कि वह आजमगढ़ और बनारस से आती हैं। प्रतिदिन सुबह 10:00 बजे आती हैं और शाम को 4:00 बजे जाती हैं। देहव्यापार में लिप्त लड़कियों ने यह स्वीकार करते हुए कहा कि वह स्वेच्छा से इस कार्य में लगी हुई हैं।
बहरहाल, सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि होटल से पकड़ी गईं युवतियों के खिलाफ मुकदमा लिखा जा रहा है। इसमें एक की उम्र कम लग रही है,उसका मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। होटल को सीज कर दिया गया है और उसके मालिक की तलाश की जा रही है।

