उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ शहर में हनीमैन चौराहा के आसपास एवं विभूतिखंड क्षेत्र में शातिराना तरीके से देह व्यापार का धंधा चल रहा है। बता दें कि यह दोनों ही इलाका पॉश इलाके में गिना जाता है। यहां स्पा सेंटरों की आड़ में कई स्पा सेंटर के संचालक देह व्यापार करा रहे हैं। यह पूरा व्यापार मोबाइल नंबरों के वाट्सअप चैट के माध्यम से चल रहा है।
बता दें कि विभूतिखंड में प्रमुख मार्ग पर एक चाय की दुकान के ऊपर स्पा सेंटर चल रहा है। जहां स्पॉ के लिए वाट्सअप चैट से एडवांस आर्डर लेकर ग्राहक बुलाये जाते हैं। स्पा सेंटर पहुंचने के बाद वहां मौजूद लड़कियों को कुछ मिनट, कुछ घंटे के रेट पर ग्राहकों को दिखाया जाता है। देह व्यापार में शामिल लड़कियों को पसंद करने पर ग्राहक को तुरंत ही तय रकम जमा करानी पड़ती है।
होटल के कमरों में लड़कियां उपलब्ध कराई जाती है
इसके अलावा दूसरे राज्यों या शहरों से आने वाले उद्यमी या व्यापारी ज्यादातर विभूतिखंड अथवा हनीमैन चौराहे के आसपास के होटलों में ठहरते हैं। होटल में रुकने वाले व्यक्तियों पर स्पा सेंटर के संचालकों की पूरी नजर होती है। स्पा संचालक अपनी बातों को अपने लड़कों के द्वारा होटल में रुके लोगों तक पहुंचाता है। जब ग्राहक लड़के की बातों में आ जाता है और इसके लिए तैयार हो जाता है, तब उसे पहले स्पा सेंटर बुलाया जाता है। होटल में रुके ग्राहकों की गारंटी पर स्पा सेंटर से जुड़ी लड़कियों को होटल के कमरों में भी सर्विस देने के लिए भेज दिया जाता है। जहां लड़कियों को ले जाने वाले लड़के कमरे के बाहर ही मौजूद रहते हैं और तय समय के बाद लड़कियों को वापस ले आते हैं।
पैसों के लालच में देह व्यापार
सूत्रों ने बताया कि गोमती नगर के विकास खंड में कुछ लॉज में स्पा सेंटर में काम करने वाली लड़कियां रहती हैं। लॉज के एक कमरे के लिए लड़कियों को 10 हजार रुपये महीने तक चुकाना पड़ता है। यहां पर भी स्पा सेंटर की लड़कियां रात के अंधेरे में अपने ग्राहक बुला लेती हैं। इसे प्राइवेट सर्विस कहा जाता है और इसके लिए लड़कियां अपने हाथ में पैसे लेती हैं। बता दें कि स्पॉ सेंटर से जुड़ी लड़की मोनी (परिवर्तित नाम) ने कहा कि वह झारखण्ड के रांची के पास एक गांव से नौकरी की तलाश में लखनऊ आयी थी। यहां स्पा सेंटर में काम करते हुए ज्यादा रुपयों के लिए देह व्यापार के धंधे में उतर गई। वर्तमान समय में दवाओं के बदौलत वह अपने काम को बखुबी अंजाम देती है।
तय रकम को लेकर झगड़ा
गौरतलब है कि गोमती नगर थाने पर बीते एक वर्ष में कई बार विकास खण्ड में स्पा लड़कियों और ग्राहकों से झगड़े की शिकायतें सामने आ चुकी है। थाने पर आने वाले शिकायतें अक्सर रात में आती हैं और जिसमें सामने आता है कि ग्राहक से तय रकम से कम देने पर लड़कियों की सुरक्षा में रहने वाले लड़के ग्राहक को पीटते हैं। जिसे झगड़ा बताया जाता है और पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो जाता है।

