आज चैत्र शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि है। ऐसी मान्यता है कि आज के ही दिन मर्यादा पुरुषोत्तम भगवन श्री राम का भू लोक पर अवतरण हुआ था। भक्तजन उनके इस दिन को बड़े धूम धाम से मनाते है। रामनवमी के उपलक्ष्य पर देश भर में जगह जगह शोभा यात्रा निकाली जाती है। इसी कड़ी में आज राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी जगह-जगह शोभायात्रा निकाली जाएगी। बता दें कि भगवान श्रीराम की झांकी के साथ शोभायात्रा में हजारों लोग शामिल होते हैं।
दिल्ली पुलिस ने शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए हैं। पुलिस की ओर से संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा के लिए विशेष टीमें बनाई गई हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शोभायात्राएं शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न हो जाएं, इसके लिए लोकल इंटेलिजेंस से मिली रिपोर्ट के आधार पर पुलिस टीमों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने बताया कि विहिप की ओर से राजधानी में गुरुवार को बड़ी शोभायात्राएं निकाली जाएंगी। हजारों लोग शामिल होंगे। इसके अलावा इस्कॉन मंदिर, कालकाजी मंदिर पुजारी परिवारों और विभिन्न संस्थाओं की ओर से भी शोभायात्राएं निकाली जाएंगी।
वहीं, पुलिस ने जहांगीरपुरी इलाके में रामनवमी शोभा यात्रा निकालने की अनुमति नहीं दी है। पुलिस ने इसबार सतकर्ता बरती है क्योंकि यहां पिछले साल हनुमान जयंती की शोभायात्रा के दौरान हिंसा हुई थी। दिल्ली पुलिस ने मौर्या एन्क्लेव इलाके में खुले मैदान में रमजान के कार्यक्रम की भी इजाजत नहीं दी है। रामनवमी के अवसर पर निकाली जाने वाली शोभायात्राओं के कारण सड़कों पर यातायात बाधित न हो, इसके लिए यातायात पुलिस ने भी तैयारी पूरी की है।

