माफिया अतीक के बेटे असद और उसके गुर्गे को गुरूवार को यूपी एसटीएफ टीम ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया अब आप तो जानते हैं कि देश में कोई भी काम हो लेकिन उस पर राजनीति ना हो ऐसा तो हो ही नहीं सकता। असद और गुलाम के एनकाउंटर के बाद यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने सीएम योगी पर निशाना साधते हुए ‘एनकाउंटर’ में हुई मौत पर सवाल उठाया है। अखिलेश ने एनकाउंटर को झूठा बताते हुए कहा है कि बीजेपी सरकार असल मुद्दों से ध्यान भटकाना चाहती है, उन्होंने ये भी कहा कि बीजेपी वाले न्याय व्यवस्था में यकीन नहीं रखते हैं।
योगी का माफियाओं के खिलाफ मिट्टी में मिलाने का काम शुरू हो चुका है इसका उदाहरण पूरा देश गुरूवार के असद और गुलाम के एनकाउंटर को लेकर देखा जा चुका है लेकिन अब इस पर सियासत शुरू हो चुकी है। AIMIM के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा बीजेपी केवल धर्म के आधार पर देखकर एनकाउंटर करती है।
ओवैसी ने सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि बीजेपी जुनैद और नासिर की हत्या करने वालों का भी ऐसे ही एनकाउंटर करेगी? नहीं, क्योंकि बीजेपी मजहब के नाम पर एनकाउंटर करती है। आप कानून को कमजोर करना चाहते हैं। संविधान का एनकाउंटर करते हैं।
वहीं, बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा कि प्रयागराज के अतीक अहमद के बेटे और एक अन्य की पुलिस मुठभेड़ में हुई हत्या पर अनेकों प्रकार की चर्चाएं गर्म हैं। लोगों को लगता है कि विकास दुबे कांड के दोहराए जाने की उनकी आशंका सच साबित हुई है। घटना के पूरे तथ्य और सच्चाई जनता के सामने आ सके, इसके लिए उच्च-स्तरीय जांच जरूरी।

