उमेश पाल हत्याकांड की फरार आरोपी अतीक अहमद की पत्नी 50 हजार की इनामी शाइस्ता परवीन के कौशाम्बी में छुपे होने की आशंका थी। ऐसे में लगातार कौशाम्बी पुलिस विभिन्न गांव में लोगों से पूछताछ कर रही इसी क्रम में कौशाम्बी पुलिस ने भी गंगा की तराई में सर्च ऑपरेशन चलाया।
अपर पुलिस अधीक्षक समर बहादुर सिंह ने एवं क्षेत्राधिकारी भारी फोर्स के साथ सर्च ऑपरेशन में मौजूद रहे। पुलिस ने गंगा की तराई में पहुंचकर गहन तरीके से सर्च ऑपरेशन किया। इसके अलावा वीरान मकानों की तलाशी भी ली गई। इतना ही नहीं यदि कोई भी व्यक्ति जंगल में संदिग्ध परिस्थितियों में घूमता नजर आ रहा था तो पुलिस उससे भी बराबर पूछताछ कर रही थी। कई घंटे तक पुलिस का सर्च ऑपरेशन चलता रहा।
इतना ही नहीं शाइस्ता परवीन या कोई अपराधी किसी भी जगह में छुपी हो उसे खोजने के लिए ड्रोन कैमरे की भी मदद ली गई। ड्रोन कैमरा से भी बकायदा खोजबीन कर रही थी। हालांकि पुलिस को ना तो शाइस्ता परवीन मिली और ना ही कोई भी अपराधी पकड़ में आया।
अपर पुलिस अधीक्षक समर बहादुर सिंह ने बताया कि गंगा की तराई के जंगलों में उमेश पाल हत्याकांड के अपराधियों के छुपे होने की सूचना पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। ड्रोन कैमरे की मदद ली जा रही है। संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। शाइस्ता परवीन के भी छुपे होने की आशंका थी। फिलहाल अभी कोई मिला नही है। जैसे ही कोई मिलेगा तो बताया जाएगा।

