Lucknow News : लखनऊ के गोलीकांड मामले में मोहनलालगंज लोक सभा सीट से सांसद व केन्द्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर के बेटे विकास किशोर की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। उनके खिलाफ ठाकुरगंज थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। शस्त्र लाइसेंस रद्द करने की भी कार्रवाई शुरू की गई है। केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर के घर पर हुए मर्डर मामले में उनके बेटे विकास किशोर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज़ हुआ मुकदमा
विकास किशोर पर आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। लाइसेंसी असलहे को लापरवाही से रखने का मामला दर्ज हुआ है। क्योंकि उनके आवास पर विनय श्रीवास्तव का मर्डर हुआ था, हत्या मंत्री के बेटे के पिस्टल से ही हुई थी, हालांकि दावा किया जा रहा है कि घटना के वक्त वो घर में मौजूद नहीं थे।
ये था पूरा मामला
लखनऊ के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के बेगरिया गांव में गुरुवार को भाजपा सांसद कौशल किशोर के घर पर गोली चली थी। कौशल किशोर के बेटे विकास किशोर के दोस्त विनय श्रीवास्तव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में विनय श्रीवास्तव के घरवालों ने पुलिस में लिखित शिकायत की थी। आरोप लगाया था कि विनय की मौत केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर के बेटे विकास किशोर की पिस्टल से हुई है। बता दें कि विनय श्रीवास्तव केंद्रीय मंत्री के बेटे का करीबी था। बताया जा रहा है कि जिस समय गोलीकांड हुआ, उस समय घर में और लोग भी मौजूद थे।
यह भी पढ़ें : इसरो ने बढ़ाया सूर्य की ओर पहला कदम, ‘आदित्य-एल1’ का हुआ सफल प्रक्षेपण
तीन लोग पुलिस की हिरासत में
पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में ले पूछताछ शुरू कर दी थी। मौके पर लखनऊ पश्चिमी DCP राहुल राज और ADCP चिंरजीव नाथ सिन्हा भारी पुलिस बल के साथ पहुंच गए थे। हिरासत में लिए गए एक युवक का नाम शमीम गजी बाबा है, जिसके विकास किशोर ऊर्फ़ आशू के साथ पोस्टर भी लगे हुए पाए गए थे।

