उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के सिंघावली अहिर थाना क्षेत्र के ढिकोली बंथलामार्ग पर एक ट्रैक्टर सवार को गोली मारकर फरार हुए दो अभियुक्तों को पुलिस और सर्विलांस टीम ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के पास से घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल दो तमंचे और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
बता दें कि 10 अप्रैल को ट्रैक्टर सवार मोनू निवासी मवीकला ढिकौली गांव में ट्रैक्टर ट्राली से ईंटे उतार कर वापस मवी कला लौट रहा था। तभी पिलाना भट्टे के समीप पीछे से आए दो बाइक सवारों ने तमंचे से उस पर फायर कर दिया। गोली ट्रैक्टर चालक के पेट में लगी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी गंभीर हालत देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। जिसके बाद मौके पर पहुंचे पीड़ित परिजनों ने थाना सिंघावली अहीर पर शिकायत करते हुए आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की थी।
पीड़ित ट्रैक्टर चालक मोनू के चाचा सुनील कुमार ने सिंघावली अहिर पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की पुलिस ने मामले का सफल अनावरण करते हुए आरोपी दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।
बता दें कि ट्रैक्टर चालक और बाइक सवारों का विवाद ट्रैक्टर से उठ रही धूल को लेकर हुआ था। ट्रैक्टर ट्रॉली से उठ रही धूल के चलते बाइक सवारों ने ट्रैक्टर चालक पर तमंचे से फायर कर दिया था। पुलिस और सर्विलांस टीम ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी प्रिंस, निवासी फतेहपुर पुट्ठी और मोनू, निवासी धनोरा जनपद बागपत को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक बुलेट मोटरसाइकिल दो तमंचे दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।

