देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियों कार्यक्रम मन की बात का आज 100 एपिसोड प्रसारित होगा। इस 100वें एपिसोड को ऐतिहासिक बनाने के लिए केंद्र सरकार और भाजपा ने जोरदार तैयारी की है। बता दें कि इसका प्रसारण आज सुबह 11 बजे किया जाएगा। इस ऐतिहासिक पल की समूचे देश में लाइव स्क्रीनिंग होगी। न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में इसका सीधा प्रसारण होगा। इसे आकाशवाणी समेत विभिन्न प्लेटफॉर्म पर सुना जा सकेगा। इसे राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 6530 स्थानों पर सुना जा सकेगा।
22 भारतीय भाषाओं और 29 बोलियों के अलावा 11 विदेशी भाषाओं में प्रसारित
गौरतलब है कि जब नरेंद्र मोदी साल 2014 में पहली बार देश के प्रधानमंत्री बने थे तब उन्होंने उसी साल गाँधी जयंती के अगले दिन यानी तीन अक्टूबर को पहली बार ‘मन की बात’ के जरिए राष्ट्र को संबोधित किया था। लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग रविवार सुबह 6:30 बजे इसकी विशेष स्क्रीनिंग करेगा। ‘मन की बात’ कार्यक्रम 22 भारतीय भाषाओं और 29 बोलियों के अलावा फ्रेंच, चीनी, इंडोनेशियाई, तिब्बती, बर्मी, बलूची, अरबी, पश्तू, फारसी सहित 11 विदेशी भाषाओं में प्रसारित किया जाता है। यह कार्यक्रम आकाशवाणी के 500 से अधिक केंद्रों से प्रसारित होता है।
100वें एपिसोड के उपलक्ष्य पर जारी होगा 100 रुपये का सिक्का
बता दें कि 100वें एपिसोड के उपलक्ष्य में सरकार 100 रुपये का सिक्का जारी करेगी। इस विशेष सिक्के की गोलाई 44 मिलीमीटर होगी। यह चार धातुओं रजत, तांबा, निकेल और जस्ता का मिश्रण होगा। सिक्के के आगे वाले भाग के मध्य में अशोक स्तंभ का सिंह होगा। इसके नीचे सत्यमेव जयते लिखा होगा। इसके किनारे पर हिंदी में भारत और अंग्रेजी में इंडिया लिखा होगा। शीर्ष के नीचे ₹ का चिह्न होगा और 100 अंकित होगा। सिक्के के दूसरी तरफ मन की बात की 100वीं कड़ी का प्रतीक चिह्न होगा। इसमें ध्वनि तरंगों के साथ माइक्रोफोन की फोटो होगी। माइक्रोफोन के चित्र पर 2023 अंकित होगा। माइक्रोफोन के चित्र के ऊपर और नीचे हिंदी में क्रमश: ‘मन की बात 100’ और अंग्रेजी में ‘MANN KI BAAT 100’ लिखा होगा। सिक्के का वजन 35 ग्राम होगा।

