कर्नाटक में विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही सत्ताधारी दल भाजपा लगातार योजनाओं की बारिस कर रही है। सत्ता में वापसी के लिए भाजपा पुरजोर मेहनत कर रही है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर्नाटक दौरे पर है। उन्होंने कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में नई मेट्रो लाइन का शुभारंभ किया है। बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी ने बेंगलुरु मेट्रो की वाइटफील्ड (कादुगोडी) से कृष्णराजपुरा मेट्रो लाइन की सवारी के लिए मेट्रो टिकट भी खरीदा।
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने चिक्काबल्लापुर में श्री मधुसूदन साईं चिकित्सा विज्ञान एवं अनुसंधान संस्थान का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सबके प्रयास से भारत विकसित हो रहा है। सबकी भागीदारी से देश आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि चिक्काबल्लापुर की भूमि ने लोगों को शिक्षा और स्वास्थ्य प्रदान करके मानवता की सेवा के मिशन को पोषित किया है। ये उपलब्धियां अद्भुत रही हैं। साथ ही आज यहां जिस मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन किया जा रहा है, वह इस महान मिशन को और मजबूत करेगा।
देश में ऐसी राजनीति चली जहां गरीबों को सिर्फ वोट बैंक समझा गया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आगे कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव में देश ने विकसित होने का संकल्प लिया है। कई बार लोग पूछते हैं कि भारत इतने कम समय में वकसित कैसे होगा? इतनी चुनौतियां हैं, इतना काम हैं, ये इतने कम समय में ये कैसे पूरा होगा? इस सवाल का एक ही जवाब है सबका प्रयास। बीते 9 सालों में भारत में भी स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर बहुत ईमानदारी से बहुत कुशलता से कार्य करने का प्रयास किया गया है। देश में मेडिकल एजुकेशन से जुड़े अनेक रिफॉर्म किए गए हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा हमारा प्रयास भारत के हेल्थकेयर इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ाने का रहा है। हमने गरीब मिडिल क्लास के आरोग्य को प्राथमिकता दी है। हमने देश में सस्ती दवाओं की दुकानों, जनऔषधि केंद्र खोले हैं। गरीबों के हित में काम करने वाली हमारी सरकार ने कन्नड़ सहित सभी भारतीय भाषाओं में मेडिकल की पढ़ाई का विकल्प दिया है। लंबे समय तक देश में ऐसी राजनीति चली है, जहां गरीबों को सिर्फ वोट बैंक समझा गया है। भाजपा सरकार ने गरीब की सेवा को अपना सर्वोच्च कर्तव्य माना है।

