New Film City : उत्तर प्रदेश के यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में प्रस्तावित अत्याधुनिक फिल्म सिटी का सपना जल्द ही साकार हो सकता है। सूत्रों के अनुसार, आगामी 19 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस फिल्म सिटी की नींव रख सकते हैं। इस ऐतिहासिक मौके पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। यह फिल्म सिटी सेक्टर-21 में एक हजार एकड़ भूमि पर बनाई जाएगी, जो तकनीक और सुविधाओं के मामले में भारत की सबसे आधुनिक फिल्म सिटी बनने जा रही है।
बोनी कपूर की कंपनी करेगी निर्माण
फिल्म निर्माता बोनी कपूर की कंपनी बेव्यू प्रोजेक्ट और भूटानी इंफ्रा इस फिल्म सिटी के निर्माण कार्य को अंजाम देंगी। पिछले छह महीनों में तीन बार इस परियोजना के शिलान्यास की योजना बनाई गई, लेकिन किसी न किसी कारणवश कार्यक्रम टलता रहा। अब एक बार फिर शिलान्यास को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। हालांकि, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के दौरे का औपचारिक कार्यक्रम अब तक जारी नहीं हुआ है, लेकिन प्राधिकरण और निर्माता कंपनी के अधिकारी इसकी पुष्टि का इंतजार कर रहे हैं।
पहले चरण में 230 एकड़ पर कब्जा
फिल्म सिटी के पहले चरण के तहत 230 एकड़ भूमि पर कब्जा जून 2024 में ही कंपनी को दे दिया गया था। 27 जून 2024 को यमुना प्राधिकरण ने आधिकारिक रूप से कंपनी को यह ज़मीन सौंपी थी, लेकिन इसके बावजूद अब तक निर्माण कार्य की शुरुआत नहीं हो सकी है।
फिल्म सिटी के निर्माण से विदेशी फिल्म निर्माण की तुलना में 50 प्रतिशत कम लागत में फिल्में बनाई जा सकेंगी। इसके साथ ही यह परियोजना आसपास के जिलों में पर्यटन की संभावनाओं को भी नई ऊंचाई देगी।
अंतरराष्ट्रीय सुविधाओं से लैस होगी फिल्म सिटी
नई फिल्म सिटी में हैदराबाद की रामोजी फिल्म सिटी से भी बेहतर अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। रामोजी फिल्म सिटी में जहां कई आधुनिक उपकरण विदेशों से मंगवाने पड़ते हैं और अभिनेताओं के लिए विला जैसी सुविधाएं नहीं हैं, वहीं यमुना फिल्म सिटी में सभी आवश्यक सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी।
इस फिल्म सिटी की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि यहां के स्टूडियो वर्चुअल तकनीक और सौर ऊर्जा आधारित होंगे। एयरपोर्ट से महज तीन किलोमीटर की दूरी होने के कारण यह स्थान लॉजिस्टिक और प्रोडक्शन दोनों दृष्टिकोण से बेहद अनुकूल होगा।
यहां हिन्दी, अंग्रेज़ी, तमिल, भोजपुरी जैसी भारतीय भाषाओं के साथ-साथ हॉलीवुड और बॉलीवुड की फिल्में भी बनाई जा सकेंगी।
ये भी पढ़ें : Delhi News : पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में आज व्यापारियों का ‘दिल्ली बंद’, 100 से अधिक बाजारों में रहेगा सन्नाटा
ये भी देखें : Bihar Politics : बिहार की राजनीतिक हलचल का क्या है मामला, खरगे-तेजश्वी ने मिलाया हाथ | Niwan Time