2000 रूपए के गुलाबी नोट अब बाजार में नहीं दिखेंगे। भारतीय रिजर्व बैंक ने आज गुलाबी नोट को लेकर बड़ा ऐलान किया है। केंद्रीय बैंक ने ऐलान करते हुए कहा है कि 2000 रुपये के नोट सर्कुलेशन से वापस ले लिए जाएंगे। हालाँकि लोगों को घबराने की जरुरत नहीं है। क्योंकि इस बार लोगों के पास नोट बदलने का पर्याप्त समय दिया गया है।
रिजर्व बैंक ने 2000 के नोटों को बदलने के लिए 23 मई से 30 सितंबर तक की समय सीमा निर्धारित की है। आरबीआई के ऐलान के अनुसार, 2000 रुपये का नया नोट अब जारी नहीं किया जाएगा। बता दें कि इसका मतलब यह नहीं है कि 2000 रुपये के नोट की लीगल टेंडर नहीं रहेगी। फिलहाल, 2000 रुपये के नोट वैध रहेंगे।
केंद्रीय बैंक ने बैकों को सलाह दी है कि वे तत्काल प्रभाव से 2000 रुपये के नोट जारी करना बंद करें। बाजार में मौजूद नोटों को बैंकों में जमा कराया जा सकता है या फिर 30 सितंबर, 2023 तक बदला जा सकता है। आरबीआई के मुताबिक, 2000 रुपये के नोटों को 23 मई से लेकर 30 सितंबर तक 20,000 रुपये तक एकबार में बदलवाए जा सकते हैं।

