यूपी के पीलीभीत जनपद के पूरनपुर के मोहल्ला सरवनपुरी कॉलोनी निवासी सत्यदीप गुप्ता ने इतिहास रचा है। दरअसल भारत की सबसे ऊंची चोटी कंचनजंगा को फतेह करने के बाद अब पूरनपुर के सत्यदीप ने विश्व की पांचवीं सबसे ऊंची चोटी माउंट मकालू पर चढ़ाई पूरी कर एक और रिकार्ड अपने नाम किया है। उन्होंने 17 मई को करीब 8481 मीटर ऊंची चोटी पर जाकर तिरंगा फहराया और अपने सपने को पूरा किया।
बता दें कि राधाकृष्ण गुप्ता और मीना गुप्ता के बेटे सत्यदीप गुप्ता को शुरू से ही पहाड़ों की ऊंची चोटियों पर चढ़ने का शौक रहा है। सत्यदीप के परिजनों के मुताबिक वर्ष 2013 में उसने शुरुआत की और 2014 में लद्दाख के माउंट नन ऊंचाई 7135 मीटर इससे पहले तंजानिया अफ्रीका की किलीमंजारो ऊंचाई 5895 मीटर की चढ़ाई की लेकिन असफल हुए थे।
वर्ष 2016 में उत्तराखंड के शिखर डीकेडी-2 को फतेह करने में सफल हुए। उनका सपना भारत की सबसे ऊंची चोटी कंचनजंगा और इसके बाद विश्व की पांचवीं सबसे ऊंची चोटी को फतेह करने का रहा। इसे साकार करने के लिए सत्यदीप छह मई 2022 को चढ़ाई शुरू की। नौ मई सुबह 09.06 मिनट पर शिखर पर पहुंच गए और तिरंगा फहराकर अपनी खुशी का इजहार किया। इस चोटी की ऊंचाई 8,586 मीटर है। अब उन्होंने अपने दूसरे सपने को भी विश्व की पांच नंबर की सबसे ऊंची चोटी माउन्ट मकालू (8481) मीटर को फतेह कर पूरा किया।

