Pahalgam Terror Attack : जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार ने सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सऊदी अरब दौरा बीच में छोड़ते हुए तत्काल दिल्ली लौटने का फैसला लिया और आते ही हालात की समीक्षा के लिए एक्शन मोड में आ गए। आज शाम 6 बजे प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) की बैठक बुलाई गई है, जिसमें आतंकी हमले के बाद बने हालात पर गहन चर्चा की जाएगी।
इससे पहले, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दिल्ली में एक हाई लेवल मीटिंग की अध्यक्षता की, जिसमें मुख्य रक्षा अध्यक्ष (CDS) जनरल अनिल चौहान, तीनों सेनाओं के प्रमुख (थल सेना, वायु सेना और नौसेना), राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल, और रक्षा सचिव सहित कई शीर्ष अधिकारी मौजूद थे। बैठक में जम्मू-कश्मीर की समग्र सुरक्षा स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई और आगे की रणनीति पर चर्चा हुई।
सेनाएं तैयार, जवाबी कार्रवाई तेज
बैठक के दौरान तीनों सेनाओं के प्रमुखों ने रक्षा मंत्री को आश्वस्त किया कि वे हर परिस्थिति के लिए पूरी तरह तैयार हैं। सेना, वायुसेना और नौसेना ने अपनी युद्ध तैयारी और जवाबी रणनीति की जानकारी साझा की। सूत्रों के अनुसार, रक्षा मंत्री ने सशस्त्र बलों को आतंकवाद के खिलाफ अभियान तेज़ करने और युद्ध तत्परता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
इस हाई लेवल मीटिंग के तुरंत बाद शाम को होने वाली CCS बैठक में इस मुद्दे पर और विस्तार से चर्चा की जाएगी, जहां राजनाथ सिंह प्रधानमंत्री को मौजूदा हालात और तैयारियों की जानकारी देंगे।
सर्च ऑपरेशन तेज, संदिग्ध हिरासत
हमले के बाद से ही सुरक्षा बलों और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पहलगाम और आसपास के जंगलों में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिए हैं। कई संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। साथ ही, सुरक्षा एजेंसियों को हमले में शामिल आतंकियों की फोटो और स्केच भी हाथ लगे हैं, जो चश्मदीदों के बयान के आधार पर तैयार किए गए हैं। एजेंसियों ने इन तस्वीरों को सार्वजनिक कर लोगों से जानकारी साझा करने की अपील की है।
राजनीतिक प्रतिक्रियाएं
हमले को लेकर गृह मंत्री अमित शाह ने गहरा दुख जताया और कहा, “पहलगाम के आतंकी हमले में अपनों को खोने का दर्द हर भारतीय को है। यह हमला मानवता पर कलंक है। मैं पूरे देश को भरोसा दिलाता हूं कि इस कायराना हरकत में शामिल आतंकियों को बख्शा नहीं जाएगा।
वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने लिखा, “पहलगाम में आतंकवादी हमले की खबर से बहुत दुख हुआ। निर्दोष नागरिकों पर यह नृशंस हमला कायरतापूर्ण और बहुत ही निंदनीय कृत्य है। पीड़ितों के परिजनों के प्रति संवेदना जताता हूं।
ये भी पढ़ें : Delhi-NCR Weather : दिल्ली-एनसीआर में गर्मी का कहर जारी, पारा 41 डिग्री के पार
ये भी देखें : Bihar Politics : बिहार की राजनीतिक हलचल का क्या है मामला, खरगे-तेजश्वी ने मिलाया हाथ | Niwan Time

