Pahalgam Attack : पहलगाम आतंकी हमला में पत्नी की आंखों के सामने ही पति को मारी गोली, दो महीने पहले ही हुई थी शुभम शादी, जानें नवविवाहित की पूरी कहानीजम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए दर्दनाक आतंकी हमले में कानपुर निवासी शुभम द्विवेदी की निर्मम हत्या ने पूरे देश को झकझोर दिया है। शुभम को आतंकियों ने उनकी पत्नी ऐशन्या के सामने गोली मार दी, जिससे नवविवाहित जोड़े का सात जन्मों का साथ सिर्फ 70 दिन में ही टूट गया। यह हृदयविदारक घटना न केवल शुभम के परिवार, बल्कि पूरे समाज को झकझोर रही है।
पत्नी की आंखों के सामने पति की हत्या
हमले के वक्त शुभम अपनी पत्नी के साथ घुड़सवारी कर रहे थे, जब आतंकियों ने उन्हें घेर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आतंकियों ने धर्म पूछकर शुभम से कलमा पढ़ने को कहा। इंकार करने पर सिर में गोली मार दी। पत्नी ऐशन्या कुछ बोल भी नहीं सकीं । डर से उनके हाथ जुड़ गए, पर मुंह से आवाज़ नहीं निकली। शुभम की मौत की गवाह बनीं उनकी आंखें, अब हर पल उस भयावह दृश्य को दोहरा रही हैं।
शुभम के पिता, डॉ. संजय द्विवेदी, इस समय श्रीनगर में पुलिस और सेना की सुरक्षा में हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें सेना के एक मेजर का फोन आया, फिर वह उनसे मिले। डॉ. संजय ने मेजर से बेटे का शव जल्द सौंपने की विनती की, ताकि वह उसे घर लाकर अंतिम संस्कार कर सकें।
सरकार और प्रशासन से मदद की अपील
डॉ. संजय ने कानपुर के डीएम और मुख्यमंत्री कार्यालय से भी संपर्क किया। मुख्यमंत्री कार्यालय से आए फोन में उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिया गया। कानपुर के डीएम ने भी शव को जल्द लाने के लिए प्रशासनिक व्यवस्था तेज करने की बात कही है। परिजनों के अनुसार, शुभम का शव पुलिस के कब्जे में है और पोस्टमार्टम के बाद उसे सेना की निगरानी में चकेरी एयरपोर्ट (कानपुर) भेजा जाएगा। दो दिन के भीतर शव पहुंचने की उम्मीद है।
शुभम की पत्नी (Pahalgam Attack) ऐशन्या और मां सीमा बदहवासी की हालत में हैं। ऐशन्या के हाथों की मेहंदी अब तक नहीं मिटी थी, लेकिन सुहाग उजड़ गया। श्रीनगर के होटल में सेना का सुरक्षा घेरा है, लेकिन दिलों में डर और आंखों में आंसू हैं।
कानपुर (Pahalgam Attack) के श्यामनगर स्थित ड्रीमलैंड अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 201 में मातम पसरा है। शुभम के चाचा मनोज द्विवेदी के घर पर भी रिश्तेदारों और पड़ोसियों की भीड़ जमा है। श्रीनगर से जैसे ही फोन आता है, हर कोई चौकन्ना हो जाता है। गांव में शुभम के पुश्तैनी घर पर भी गम का माहौल है। वहां मौजूद लोग शब्दहीन हैं, लेकिन दुख की गहराई साफ झलकती है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं हमले के वीडियो
हमले के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। वीडियो में सुरक्षा बलों की कॉम्बिंग, शवों की स्थिति और रोते-बिलखते लोगों के दृश्य देखे जा सकते हैं। शुभम को गोली लगने का वीडियो देखने के बाद परिजनों की चीखें निकल गईं।
ये भी पढ़ें : Delhi-NCR Weather : दिल्ली-एनसीआर में गर्मी का कहर जारी, पारा 41 डिग्री के पार
ये भी देखें : Bihar Politics : बिहार की राजनीतिक हलचल का क्या है मामला, खरगे-तेजश्वी ने मिलाया हाथ | Niwan Time

