अक्सर अपने बयानों से चर्चा में रहने वाले सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर का फिर अपने बयानों से चर्चा में है। दरअसल उनके अंदर एक बार फिर भाजपा प्रेम जागृत हुआ है। इस बार उन्होंने नगर निकाय चुनाव को लेकर बड़ी बात कही है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि इस बार सभी 17 नगर निगमों में भाजपा की जीत सुनिश्चित है। वह सभी सीटों पर जीत दर्ज करेगी।
राजभर गठबंधन के लिए बेताब
बता दें कि सपा के साथ गठबंधन टूटने के बाद से ही ओम प्रकाश राजभर किसी भी पार्टी के साथ गठबंधन के लिए बेताब दिख रहे हैं, लेकिन उन्हें अभी किसी भी पार्टी से कोई उम्मीद नहीं दिख रही है। ऐसे में कई बार उनका भाजपा प्रेम दिख चुका है। वे किसी भी मुद्दे पर समाजवादी पार्टी का विरोध भाजपा से पहले ही करते हुए दिखते हैं। इसी तरह उन्होंने बुधवार को एक टीवी चैनल से बात करते हुए कहा कि भाजपा सभी 17 नगर निगमों का चुनाव जीतेगी। सभी निगमों में उसके महापौर बनेंगे।
इससे पहले उन्होंने इसी माह के पहले सप्ताह में सपा, बसपा और कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा था कि तीनों दल पसमांदा मुस्लिमों को भाजपा का डर दिखाते हैं। वहीं जब ये लोग सत्ता में रहते हैं तो मुसलमानों के लिए कुछ नहीं करते हैं। अब इन पार्टियों को डर सता रहा है कि यह वोट बैंक भाजपा के साथ न चला जाए।
भाजपा का मतलब – भारतीय झूठ पार्टी
गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी के साथ उनका अभी हाल ही में गठबंधन टूटा है। बसपा पहले से ही उनसे किनारा करती रही है। कांग्रेस का यूपी में जनाधार नहीं है। ऐसे में ओम प्रकाश राजभर को सिर्फ भाजपा ही गठबंधन के तौर पर सहारा दिख रहा है। यदि किसी पार्टी के साथ गठबंधन नहीं हुआ तो उनकी पार्टी एक भी उम्मीदवार अपने दम पर चुनाव जीतने की स्थिति में नहीं है।
जब भाजपा के साथ ओम प्रकाश राजभर का गठबंधन टूटा था। उस समय भी राजभर भाजपा के खिलाफ जमकर भड़ास निकालते थे। सात फरवरी 2021 को बस्ती में किसानों के एक आंदोलन में ओपी राजभर ने कहा था, भाजपा का मतलब है भारतीय झूठ पार्टी। उन्होंने कहा था कि देश में बीजेपी की सरकार है। इनके पास ईडी, विजिलेंस, सीबीआई है, अगर वो किसान खालिस्तानी हैं आतंकवादी हैं तो इनके गुप्तचर क्या कर रहे हैं, उनको गिरफ्तार क्यों नहीं कर रहे हैं।

