दिल्ली और मुंबई जैसे महानगरों में चलने वाली ओला (OLA), उबर (UBER) कैब की तर्ज पर अब झांसी में भी ऑनलाइन कैब सर्विस की शुरुआत हो गई है। KEA स्मार्ट कैब सर्विस के नाम से शुरू हुई यह सेवा फिल्हाल झांसी शहर में ही संचालित होगी। झांसी के रहने वाले आलोक कुमार की ओर से इस स्मार्ट कैब सर्विस की शुरुआत की गई है। इस स्टार्ट अप को झांसी स्मार्ट सिटी और बुंदेलखंड इंस्टिट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (BIET) के इनक्यूबेशन सेंटर की ओर से प्रोत्साहन दिया गया है।
इस दौरान कैब सर्विस का शुभारंभ करते हुए नगर आयुक्त पुलकित गर्ग ने बताया कि इससे लोगों को होम सर्विस इसके अलावा जाम की समस्या और प्रदूषण से निजात व पार्किंग से निजात मिलेगी और महानगर में स्मार्टनेस के लिए अच्छा कदम बनकर ये सर्विस उभरेगी।
नगर आयुक्त पुलकित गर्ग ने कहा कि कि स्मार्ट सिटी और BIET के इनक्यूबेशन सेंटर द्वारा स्टार्ट अप को लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है। KEA स्मार्ट कैब सर्विस भी ऐसा ही एक स्टार्ट अप है। इस सेवा के शुरू हो जाने के बाद झांसी के लोगों को दिल्ली-मुंबई के तर्ज पर कैब सेवा मिलेगी। देर रात भी आम लोग और खासतौर से महिलाएं यात्रा कर पाएंगी। यह सर्विस 10 रुपए प्रति किलोमीटर के दर से चलेगी। अभी 20 कैब से इसकी शुरुआत की जा रही है, भविष्य में इसमें और कैब जोड़ी जाएंगी।
KEA स्मार्ट कैब सर्विस के निदेशक आलोक कुमार ने बताया कि झांसी जैसे छोटे शहर में बड़ी कैब सर्विसेज नहीं चल पाती हैं। कई बड़ी कंपनियां यहां आकर लौट चुकी हैं, 8 महीने पहले हमने इस सर्विस को ऑफलाइन माध्यम से शुरू किया था। स्मार्ट सिटी के इनक्यूबेशन सेंटर से जुड़ने के बाद हमने इसे ऑनलाइन सर्विस में तब्दील करने की योजना बनाई। इसके लिए एक ऐप भी तैयार कर लिया गया है। इस ऐप को प्ले स्टोर (Play Store) से डाउनलोड किया जा सकता है। iOS पर भी यह ऐप जल्द उपलब्ध होगा। यह ऐप सर्विस 24 घंटे उपलब्ध रहेगी।

