Olympic 2028: अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) ने 2028 लॉस एंजिल्स ग्रीष्म कालीन ओलंपिक में पुरुष और महिला टी20 क्रिकेट को शामिल करने की सिफारिश को “स्वीकार” कर लिया है। बता दें कि यह फैसला आईओसी (IOC) की कार्यकारी बोर्ड की मुंबई में शुक्रवार को हुई बैठक में लिया गया। आईओसी का अगला कदम अगले सत्र में मतदान करना होगा, जो 14 से 16 अक्टूबर तक मुंबई में होगा।
लॉस एंजिल्स ओलंपिक खेल 2028 (LA28) के स्थानीय आयोजन समिति ने मीडिया ब्रीफिंग के दौरान बताया कि पांच नए खेलों – क्रिकेट, फ़्लैग फ़ुटबॉल, बेसबॉल/सॉफ्टबॉल, स्क्वैश और लैक्रोस को “संभावित समावेशन” की सिफारिश की है। शुक्रवार को, आईओसी के अध्यक्ष थॉमस बाक ने यह कहा कि ये सभी पांच खेल LA28 के सामान्य लोकाचार के अनुरूप थे।
मुंबई में होगी वोटिंग
थॉमस बाक ने कहा, “इन प्रस्तावों को आईओसी (IOC) कार्यकारी बोर्ड द्वारा एक पैकेज के रूप में स्वीकृति दी गई है. यह ध्यान रखते हुए कि यह प्रस्ताव और ये खेल 2028 में अमेरिकी खेल संस्कृति के साथ हमारे मेजबान की खेल संस्कृति के अनुरूप हैं। इन प्रस्तावों पर अब मुंबई में आईओसी सत्र में वोटिंग की जाएगी।
यह खेल प्रतिष्ठित अमेरिकी खेलों को दुनिया के सामने प्रस्तुत करेंगे, साथ ही अंतरराष्ट्रीय खेलों को संयुक्त राज्य अमेरिका में लाएंगे। इसमें शामिल होने से ओलंपिक को अमेरिका और विश्व स्तर पर नए खिलाड़ियों और प्रशंसक समुदायों के साथ जुड़ने का अवसर मिलेगा।”

